आज की ताजा खबर

कला उत्सव में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, डीएम ने कहा- रुचि के अनुरूप बनाएं भविष्य

top-news

नाटक, कहानी, गायन, वादन, पेंटिंग और मूर्तिकला समेत 12 विधाओं में छात्राओं ने लिया हिस्सा

डीएम इंद्रजीत सिंह बोले- कला, खेल और नवाचार से बढ़ता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। पीएम श्री केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की ओर से पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में जनपद स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर किया। कॉलेज की प्रधानाचार्य पल्लवी सिंह ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

कला उत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। छात्राओं की रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति को मंच देने के लिए नाटक, कहानी, गायन, वादन, पेंटिंग, मूर्तिकला, शास्त्रीय वादन समेत कुल 12 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों और कलाकृतियों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य पल्लवी सिंह ने कला उत्सव के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं को अपनी रुचि और प्रतिभा पहचानने के साथ उसे बेहतर मंच पर प्रस्तुत करने का मौका मिलता है।


प्रतिभा पहचानकर आगे बढ़ने का संदेश

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कला और खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में किस क्षेत्र को चुनना है, इसका निर्णय विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता को ध्यान में रखकर करना चाहिए।

डीएम ने कहा कि सफलता के लिए रुचि, गुणवत्ता, मेहनत और लगन बेहद महत्वपूर्ण हैं। भारत में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए अवसरों की कमी नहीं है और उत्तर प्रदेश भी तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानकर लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी विद्यार्थी को समस्या या कठिनाई हो तो वह उनसे सीधे मिल सकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनसुनवाई के लिए वह प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कलेक्ट्रेट में उपलब्ध रहते हैं।

स्मार्ट क्लास और रोबोटिक्स लैब पर जोर

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को बधाई देते हुए शिक्षा में तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालयों में आधुनिक डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने और उसके प्रभावी उपयोग की निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट क्लास के अलावा रोबोटिक्स लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता बताई, ताकि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और भविष्य की तकनीकों के प्रति समझ विकसित हो सके।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया और छात्राओं की प्रस्तुतियों एवं कलाकृतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को कला, संस्कृति, खेल और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *