आज की ताजा खबर

बिधूना के श्री गजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज में हुआ युवा संवाद

top-news

आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर युवाओं को राष्ट्र निर्माण और संस्कारों से जुड़ने का संदेश

लोक भारती ब्यूरो

बिधूना औरैया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से शुक्रवार को श्री गजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं और छात्रों ने भाग लिया। वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ने का संदेश दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और प्रार्थना से हुआ। मुख्य वक्ता पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के बौद्धिक शिक्षण प्रमुख मिथलेश नारायण ने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं। व्यक्तिगत सफलता के साथ राष्ट्रहित को प्राथमिकता देना भी युवाओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ईमानदारी व मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मोबाइल और रील्स के बढ़ते चलन के बीच युवा वास्तविक जीवन से दूर हो रहे हैं। युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और महान क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन का उदाहरण देते हुए प्रामाणिक पुस्तकों के अध्ययन पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि माता-पिता बच्चों की शिक्षा पर अपनी मेहनत की कमाई खर्च करते हैं। युवाओं को उनके त्याग को समझकर अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहना चाहिए। कार्यक्रम में अनूप कुमार, विपिन, अमित कुमार, उज्ज्वल छावड़ा, प्रवीण, सुशील और कपिल सहित कई लोग मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *