आज की ताजा खबर

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने दिए समयबद्ध आयोजन के निर्देश

top-news

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर

100 लाभार्थी वीडियो, 35 स्थानों पर नमो सेवा गाथा और हर विधानसभा में दो स्थलों का होगा कायाकल्प

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। जनपद प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सभी गतिविधियों को सुव्यवस्थित कार्ययोजना के साथ समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

इससे पहले जनपद आगमन पर निरीक्षण भवन, लोक निर्माण विभाग में प्रभारी मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। बैठक में विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा समेत जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की विभागवार जानकारी दी। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में फल वितरण, रक्तदान शिविर तथा लाभार्थियों, नवनिर्मित परियोजनाओं और धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत चित्रकला, वाद-विवाद और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।


35 स्थानों पर नमो सेवा गाथा, लाभार्थियों के बनेंगे वीडियो

‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा क्षेत्रवार 35 स्थानों पर किया जाएगा। वहीं ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विधानसभा स्तर पर कम से कम 100 लाभार्थियों के वीडियो तैयार किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि इन वीडियो की अवधि अधिकतम 60 सेकेंड रखी जाए।

‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की दीदियों और सहायिकाओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। बच्चों के बीच क्विज और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत सभी वार्डों से कलश लेकर पदयात्रा निकाली जाएगी, जो तिकोनिया पार्क चौराहे तक पहुंचेगी। इस दौरान बाइक और साइकिल रैली के साथ बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम में एनएसएस और एनसीसी को भी जोड़ने के निर्देश दिए।

श्रमदान से लेकर स्वास्थ्य मेलों तक होंगे आयोजन

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में जनसहभागिता के साथ 25 मिनट का श्रमदान कराया जाएगा और उसकी वीडियोग्राफी भी होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो स्थलों का कायाकल्प किए जाने की योजना है, जिसके लिए स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं।

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम 30 सितंबर से 9 अक्टूबर के बीच आयोजित किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य मेला, दिव्यांग कल्याण शिविर, मतदाता जागरूकता स्टॉल समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। दिव्यांगजनों को टूलकिट भी वितरित की जाएगी।

इसके अलावा ‘रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर से राष्ट्र तक’ कार्यक्रम के तहत पंत स्टेडियम में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी और सार्वजनिक स्थलों पर रंगोली के लिए स्थान तय किए जा रहे हैं। ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ में आईटीआई और कौशल विकास के छात्रों को शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा और प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अभियान की सभी गतिविधियों को निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *