आज की ताजा खबर

नहर में कूदी महिला को बचाने के लिए जान की बाजी लगा गए दो छात्र, डीएम ने किया सम्मानित

top-news

तेज बहाव की परवाह किए बिना नहर में उतरे कक्षा 10 के कृष्णा और सद्दाम, पुलिस पहुंचने से पहले बचाई जान

डीएम ने साहस को सराहा, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर बढ़ाया हौसला; राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए नाम भेजने के निर्देश

मनोज शर्मा 

महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में नहर में कूदी एक महिला के लिए कक्षा 10 के दो छात्र उस वक्त फरिश्ता बनकर सामने आए, जब उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना तेज बहाव में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के छात्र कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन के इस साहसिक कदम की जिलाधिकारी ने सराहना करते हुए दोनों को सम्मानित किया।

घटना के दौरान महिला के नहर में कूदने की जानकारी मिलने पर दोनों छात्रों ने मौके की स्थिति को देखते हुए तत्काल मदद का फैसला लिया। सेखुई निवासी कृष्णा गुप्ता और कोहड़वल निवासी सद्दाम हुसैन तेज बहाव के बावजूद नहर में उतर गए। दोनों ने महिला तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। बताया गया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही छात्रों ने महिला को बाहर निकाल लिया था।


साहस देखकर डीएम ने बढ़ाया हौसला

छात्रों के इस साहस की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने उन्हें कार्यालय बुलाया। यहां दोनों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डीएम ने कहा कि संकट की घड़ी में अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना किसी की जान बचाने के लिए आगे आना असाधारण साहस और मानवीय संवेदना का परिचय है। कृष्णा और सद्दाम का यह प्रयास दूसरे युवाओं को भी जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा देता है।

जिलाधिकारी ने दोनों छात्रों को समाज और देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का व्यक्तित्व केवल उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में उनके फैसलों और सामाजिक जिम्मेदारी से भी सामने आता है।


राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजे जाएंगे नाम

दोनों छात्रों के साहसिक कार्य को देखते हुए जिलाधिकारी ने उनके नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजने की आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। छात्रों के इस कदम की विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है। कृष्णा और सद्दाम की बहादुरी अब क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *