आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर में PDA चौपाल में सपा ने साधा भाजपा पर निशाना, 2027 में बदलाव का किया दावा

top-news

ददरौल और जलालाबाद में आयोजित चौपाल में जुटे सपा नेता और ग्रामीण, सामाजिक न्याय व PDA एकजुटता पर हुई चर्चा

पूर्व मंत्री किरण पाल कश्यप बोले- बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं, महर्षि कश्यप व राजा निषाद जयंती पर अवकाश बहाल करने की मांग

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी की ओर से सोमवार को ददरौल और जलालाबाद विधानसभा क्षेत्रों में PDA चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए। ददरौल विधानसभा क्षेत्र के मुड़िगवां मजरा मड़ैया, पल्हौरा और पंचौली तथा जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के अल्लाहगंज के सुग्सुगी गांव में हुए कार्यक्रमों में सपा नेताओं और ग्रामीणों ने पार्टी पदाधिकारियों का स्वागत किया। कार्यक्रमों में सामाजिक न्याय, PDA की एकजुटता, किसानों, युवाओं, छात्रों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम का आयोजन ददरौल विधानसभा अध्यक्ष मुनेन्द्र पाल सिंह यादव और सपा नेता बब्लू कश्यप तथा जलालाबाद विधानसभा अध्यक्ष सूरजपाल सिंह यादव की ओर से किया गया। अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान ने की। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मुख्य अतिथि के रूप में शामली के एमएलसी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री किरण पाल कश्यप शामिल हुए।

इस दौरान पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, सपा के विशेष आमंत्रित सदस्य नीरज मिश्रा, सपा नेता लखन प्रताप सिंह, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ज्योत्सना कश्यप समेत पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि किरण पाल कश्यप, जिलाध्यक्ष तनवीर खान और पूर्व एमएलसी अमित यादव का अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न और फूल-मालाओं से स्वागत किया।

बेरोजगारी और किसान मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा

पूर्व मंत्री किरण पाल कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी बढ़ रही है और पढ़ा-लिखा युवा नौकरी की तलाश में भटक रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खेती की लागत बढ़ रही है, जबकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उनके मुताबिक सरकार को छात्रों, नौजवानों और किसानों के हित में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों को बेहतर शिक्षा, युवाओं को रोजगार और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने को प्राथमिकता देती है। सत्ता में आने पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और किसान हित में प्रभावी कदम उठाने का दावा भी किया।

किरण पाल कश्यप ने भगवान श्रीराम को करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बताते हुए कहा कि श्रीराम के आदर्श सत्य, न्याय, मर्यादा और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने भाजपा पर राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि सभी धर्मों के सम्मान तथा सामाजिक भाईचारे को मजबूत किया जाना चाहिए।

महापुरुषों की जयंती पर अवकाश बहाल करने की मांग

पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान महर्षि कश्यप और राजा निषाद की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था, जिसे भाजपा सरकार ने समाप्त कर दिया। उन्होंने दोनों महापुरुषों की जयंती पर दोबारा सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक समाज तक सीमित नहीं होते, बल्कि पूरे समाज की प्रेरणा और विरासत होते हैं।

उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अखिलेश यादव फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। कार्यक्रम के अंत में सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने अतिथियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आभार जताया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, जिला महासचिव रणजय सिंह यादव, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्ला सिद्दीकी, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, शिक्षक नेता श्याम लाल यादव, जिला उपाध्यक्ष अवधेश कुमार पाल, जिला पंचायत सदस्य पिंटू यादव, महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव गायत्री वर्मा, छात्र सभा जिलाध्यक्ष प्रसून कुमार कनौजिया, सौमित्र यादव, लईक मियां, संतोष कुमार पाल, विपेंद्र यादव, आकाश वर्मा, ओमपाल कुशवाहा, डॉ. रागिनी सिंह, रामदास राठौर, सुधीर यादव, शाहनवाज समेत बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *