आज की ताजा खबर

घर के सामने गोबर-कूड़ा, परिवार की सेहत पर संकट

top-news

दो मासूमों की हालत बिगड़ी तो सीएचसी से हैलट रेफर, शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप

आशीष द्विवेदी

बिल्हौर। अरौल थाना क्षेत्र के देविनपुरवा गांव में घर के सामने गोबर-कूड़ा डालने का विवाद अब एक परिवार की सेहत पर भारी पड़ने का आरोप है। ग्रामीण अश्वनी कुमार ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि घर के दरवाजे के सामने ग्राम समाज की जमीन पर गांव के कुछ लोग जबरन गोबर और कूड़ा डाल रहे हैं।

विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी दी जाती है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि लंबे समय से जमा गोबर-कूड़े से दुर्गंध, कीड़े-मकौड़े और जहरीली गैस जैसी स्थिति बन रही है। इससे उसके छोटे बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।


हालत गंभीर होने पर बच्चों को बिल्हौर सीएचसी ले जाया गया, जहां से एक बच्चे को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किए जाने की बात प्रार्थनापत्र में कही गई है।सबसे बड़ा सवाल स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने 10 सितंबर को एसडीएम बिल्हौर से भी मामले की शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार ने जिलाधिकारी से घर के सामने पड़ा गोबर-कूड़ा हटवाने और मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है।परिवार का कहना है कि जब शिकायत के बावजूद गंदगी नहीं हटाई गई तो आखिर प्रशासन किस हादसे का इंतजार कर रहा था?

घर के सामने कूड़े का ढेर और उससे पैदा हो रही कथित स्वास्थ्य समस्या ने स्वच्छता व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मौके की जांच कराकर गोबर-कूड़ा हटवाने, परिवार को राहत दिलाने और पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *