आज की ताजा खबर

90 एकड़ जमीन पर कब्जा करने पहुंचे 70-80 लोग, 37 हिरासत में

top-news

गजरौला फार्म में जमीन विवाद को लेकर तनाव, पुलिस ने पांच राइफल, पिस्टल, 60 कारतूस और चार तलवारें बरामद कीं

शोएब खान

पीलीभीत। अमरिया क्षेत्र के गजरौला फार्म में 90 एकड़ जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में सोमवार शाम तनाव बढ़ गया। आरोप है कि रामपुर और उत्तराखंड से आए 70 से 80 लोग असलहों के साथ फार्म पर पहुंचे और खेत की जुताई शुरू कर दी। सूचना पर अमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और 37 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से पांच राइफल, एक पिस्टल, 60 जिंदा कारतूस और चार तलवारें बरामद कीं। सात कार और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी कब्जे में ली गई हैं।


गजरौला फार्म निवासी श्रवण दत्त सिंह ने पुलिस को बताया कि 90 एकड़ जमीन को लेकर उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी नरवैल सिंह से विवाद चल रहा है। मामला राजस्व बोर्ड में विचाराधीन है। श्रवण दत्त सिंह के मुताबिक सोमवार शाम दूसरे पक्ष की ओर से यशविन सिंह, जितेंद्र सिंह, दर्शन सिंह और चरनजीत सिंह 70 से 80 लोगों के साथ कारों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से फार्म पर पहुंचे। इसके बाद जमीन पर कब्जे की नीयत से खेत की जुताई शुरू कर दी गई।

आरोप है कि मौके पर पहुंचे लोगों के पास राइफल, पिस्टल, तलवार और कारतूस थे। उस समय श्रवण दत्त सिंह सूरजपुर गए हुए थे। उनके पक्ष के लोगों ने जब मौके पर पहुंचकर जुताई का विरोध किया तो कथित तौर पर असलहे निकालकर जान से मारने की धमकी दी गई। इससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

मामले की सूचना डायल 112 के साथ अमरिया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 37 लोगों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पांच राइफल, एक पिस्टल, 60 जिंदा कारतूस और चार तलवारें बरामद हुईं। पुलिस ने सात कार और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी कब्जे में ले लीं।

सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों को एक-एक लाख रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया है। बरामद असलहे और अन्य सामान सीज कर दिया गया है।

एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपीयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैं। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *