आज की ताजा खबर

हिंदी को वैश्विक संवाद की भाषा बनाने पर जोर

top-news

सरस्वती देवी महाविद्यालय में ग्लोबल कम्युनिकेशन के लिए हिंदी’ विषय पर हुई संगोष्ठी

साहित्य और पत्रकारिता क्षेत्र की प्रतिभाएं सम्मानित

मोहम्मद नईम

खड्डा, कुशीनगर। हिंदी दिवस के अवसर पर खड्डा विकास खंड अंतर्गत सरस्वती देवी महाविद्यालय में सोमवार को ग्लोबल कम्युनिकेशन के लिए हिंदी’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने हिंदी को वैश्विक संवाद की सशक्त भाषा बनाने के साथ-साथ इसके व्यापक प्रयोग पर जोर दिया।

संगोष्ठी का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक मिश्र एवं आगंतुक अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात शिक्षक अजीत मद्धेशिया ने विषय प्रवर्तन करते हुए हिंदी की वर्तमान प्रासंगिकता और वैश्विक स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात साहित्यकार डॉ. संजय कुमार मिश्र ने कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा के रूप में अंगीकार किया था। इसी ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 351 में हिंदी के विकास और उसके व्यापक प्रसार के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हिंदी की सबसे बड़ी विशेषता उसकी ग्रहणशीलता और समावेशी प्रकृति है। हिंदी ने समय-समय पर विभिन्न भाषाओं के शब्दों को आत्मसात करते हुए भी अपनी मौलिक पहचान बनाए रखी है। आवश्यकता इस बात की है कि अन्य भाषाओं का सम्मान करते हुए हिंदी को शिक्षा, तकनीक, प्रशासन, पत्रकारिता और संचार सहित प्रत्येक क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रयोग की भाषा बनाया जाए।

संगोष्ठी के विशिष्ट अतिथि अंग्रेजी विषय के पूर्व प्रवक्ता प्रकाश बहादुर तथा भोजपुरी कवि रामप्रीत प्रजापति ने भी हिंदी की व्यापकता और उसके समृद्ध साहित्यिक स्वरूप पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान क्षेत्र की प्रतिभाओं को ‘हिंदी के सितारे सम्मान’ से सम्मानित किया गया। शिक्षक श्रेणी में डॉ. संजय मिश्र एवं प्रकाश बहादुर, नवोदित पत्रकार श्रेणी में दीपक गुप्ता तथा कवि श्रेणी में रामप्रीत प्रजापति को अंगवस्त्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक मिश्र ने की, जबकि संचालन प्रवक्ता शिवम पाण्डेय ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के अलावा डॉ. संतोष मिश्र, डॉ. अजीत शुक्ल, भानु प्रताप विश्वकर्मा, दीनदयाल राजभर, अभिषेक श्रीवास्तव एवं गायत्री पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *