आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर की 108 सहकारी समितियों में लगेंगे हरिशंकरी के पौधे, टॉप-3 सहकारी सारथियों को मिलेगा पुरस्कार

top-news

सेवा संकल्प अभियान 2026 का आगाज, चित्रकला-प्रदर्शनी और ‘सहकारी रील’ प्रतियोगिता से युवाओं को जोड़ने की तैयारी

107.68 करोड़ की बकाया वसूली पर सख्ती, 30 सितंबर तक पैक्स कम्प्यूटराइजेशन पूरा करने के निर्देश

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। सहकारिता को पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और तकनीक से जोड़ने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ की शुरुआत कर दी गई है। मंगलवार को नेव टेक्निकल इंस्टीट्यूट में जिला सहकारी बैंक के सभापति डीपीएस राठौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहकारिता के विस्तार, हरिशंकरी पौधरोपण, बकाया वसूली और समितियों के कम्प्यूटराइजेशन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

अभियान के तहत जनपद की 108 सहकारी समितियों के परिसर में हरिशंकरी के पौधे लगाए जाएंगे। हरिशंकरी में बरगद, पाकड़ और पीपल के पौधे शामिल हैं। इसके साथ ही युवाओं को सहकारिता से जोड़ने के लिए समितियों पर सहकारी प्रदर्शनी, चित्रकला और ‘सहकारी रील’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप तीन ‘सहकारी सारथियों’ को पुरस्कृत किया जाएगा।

सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (एआर कोऑपरेटिव) गणेश गुप्ता ने कहा कि रचनात्मक प्रतियोगिताओं का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि समितियों के कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 30 सितंबर 2026 तक पैक्स कम्प्यूटराइजेशन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


107.68 करोड़ की बकाया राशि, वसूली के लिए नोटिस से कुर्की तक कार्रवाई

बैठक में बकाया वसूली की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार जनपद में कार्यरत 116 समितियों पर कुल 10768.57 लाख रुपये की बकाया राशि के सापेक्ष अब तक 210.90 लाख रुपये की वसूली हुई है। विविधीकरण योजनांतर्गत एक अप्रैल 2026 को लंबित बकायेदारों को धारा 95(क) के नोटिस जारी किए गए हैं। बकाया वसूली के लिए नोटिस, साइटेशन, कुर्की और वारंट की कार्रवाई करते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।

जिला सहकारी बैंक के सभापति डीपीएस राठौर ने कहा कि सहकारिता सामाजिक सरोकार और प्रकृति संरक्षण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने हरिशंकरी पौधरोपण के साथ बकायेदारों से प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि सहकारी बैंक को मजबूत कर किसानों के हित में बेहतर काम किया जा सके।

QR कोड और ई-केसीसी से किसानों को मिलेंगी तेज सेवाएं

किसानों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समितियों पर क्यूआर कोड के माध्यम से उर्वरक वितरण बढ़ाने के निर्देश दिए गए। समिति क्षेत्रों में कैंप लगाकर ई-केसीसी पोर्टल के जरिए किसानों को ऋण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी ने कहा कि किसानों को समयबद्ध और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों और सचिवों को निर्धारित विभागीय लक्ष्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला सहकारी बैंक की शाखाओं के शाखा प्रबंधक, कुर्क अमीन, पैक्स सचिव, सहायक विकास अधिकारी, उपमहाप्रबंधक और अपर जिला सहकारी अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *