आज की ताजा खबर

प्रयागराज में सपा जिला सचिव की गोली मारकर हत्या

top-news

बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारी गोली,इलाज के दौरान मौत

सपाईयों में आक्रोश, पुलिस ने जांच शुरू की

पवन द्विवेदी

 प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम पूर्व प्रधान और सपा के जिला सचिव पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने पवन यादव पर फायरिंग की। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर बाइक से बरौत की ओर फरार हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान पवन यादव की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गयी और मामले की जांच शुरु कर दिया है। घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। सपा नेता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मुग्रराव गांव के पूर्व प्रधान एवं पूर्व प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष पवन यादव मंगलवार शाम करीब छह बजे हंडिया क्षेत्र में 52 नंबर पिलर के पास कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि इनमें से दो बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। बाइक सवार बदमाशों में से एक ने पवन यादव को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसी बीच तीनों बदमाश बाइक से बरौत की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। घायल पवन यादव को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पवन यादव सपा के जिला सचिव भी थे। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान की जा सके। फिलहाल सपा के  हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *