आज की ताजा खबर

इंजेक्शन लगने के बाद छह वर्षीय बालक की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

top-news

परिजनों ने पुलिस पर भी उत्पीड़न का लगाया आरोप, अस्पताल सील कर मुकदमा दर्ज

आरिफ सिद्दीकी,डॉ राम देव

सिंधौली/शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के मियापुर पैगापुर में इलाज के दौरान छह वर्षीय बालक की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर शिवसरन लाल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। घटना के बाद बुधवार को परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। परिजनों ने पुलिस पर भी उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।

पीलीभीत जनपद थाना  करेली के गांव पसियापुर निवासी राजीव कुमार ने बताया कि वह अपने छह वर्षीय बेटे आरब को इलाज के लिए मियापुर पैगापुर स्थित एक अस्पताल ले गए थे।


आरोप है कि वहां डॉक्टर ने बच्चे को इंजेक्शन लगाने के साथ बोतल चढ़ाई। इसके बाद बच्चे के मुंह से झाग आने लगा और कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार बच्चे का शरीर ठंडा पड़ गया और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।

राजीव कुमार की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर शिवसरन लाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुवायां एसडीएम ने बताया कि अब यातायात सामान्य है। संबंधित अस्पताल को सील कर दिया गया है तथा आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी जा रही है।

क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि बच्चे की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अस्पताल को भी सील कर दिया गया है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *