आज की ताजा खबर

14 साल की बेटियों को जरूर लगवाएं सर्वाइकल कैंसर का टीका, जागरूकता अभियान में दी जानकारी

top-news

उड़ान एक उम्मीद संस्था ने संजय विद्या मंदिर में चलाया अभियान, छात्राओं को बीमारियों से बचाव के बताए उपाय

डॉ. संगीता मोहन ने टीकाकरण के फायदे समझाए, संस्था ने कैंप लगाकर निःशुल्क टीकाकरण कराने की अपील की

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर  सर्वाइकल कैंसर से बचाव और किशोरियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उड़ान एक उम्मीद संस्था की ओर से संजय विद्या मंदिर में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण के साथ-साथ किशोरावस्था में होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं और उनसे बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान छात्राओं में भी खासा उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष डॉ. संगीता मोहन ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता से कई गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया।

संस्था अध्यक्ष नीलम गुप्ता ने भी छात्राओं को महिलाओं और किशोरियों में होने वाली विभिन्न बीमारियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और समय पर चिकित्सकीय सलाह बीमारी की गंभीरता को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


पिछले वर्ष से चल रहा जागरूकता अभियान

उड़ान एक उम्मीद संस्था की ओर से पिछले वर्ष से ही सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार, पहले सरकारी स्तर पर टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन अब सरकार की ओर से इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बाद संस्था छात्राओं और अभिभावकों को जागरूक कर उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रही है।

संस्था की ओर से बालिकाओं को एकत्र कर जागरूकता कार्यक्रमों के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और टीकाकरण कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था ने अभिभावकों से अपील की कि 14 वर्ष की बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए उपलब्ध सरकारी टीकाकरण की जानकारी लेकर उन्हें टीका अवश्य लगवाएं।

कार्यक्रम में संजय विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य सत्येंद्र श्रीवास्तव और शिक्षिका स्नेहलता भी मौजूद रहीं। संस्था ने लोगों से स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने की अपील की।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *