आज की ताजा खबर

ठेकेदार की मनमानी से भगवान भरोसे फल-सब्जी मंडी की सफाई व्यवस्था

top-news

जगह-जगह कूड़े के ढेर और बजबजाती नालियां, किसानों-व्यापारियों का निकलना दूभर; मंडी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

अरविंद सक्सेना

रौजा-शाहजहांपुर। मंडी समिति रौजा की फल एवं सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मंडी प्रशासन द्वारा ठेकेदार को सफाई का ठेका दिए जाने के बावजूद हालात बदहाल नजर आ रहे हैं।

आरोप है कि ठेकेदार और उसके द्वारा लगाए गए सफाई कर्मचारियों की कथित मनमानी एवं लापरवाही के चलते मंडी की सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है।

फल एवं सब्जी मंडी परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने तथा नालियों की नियमित सफाई न होने से नालियां बजबजा रही हैं।


गंदगी और दुर्गंध के बीच किसानों, व्यापारियों और मंडी में आने वाले लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंडी जैसी महत्वपूर्ण जगह पर सफाई व्यवस्था की यह स्थिति जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

बताया जा रहा है कि सफाई व्यवस्था के लिए ठेका होने के बावजूद यदि नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही है तो आखिर इसकी निगरानी कौन कर रहा है?

ठेकेदार द्वारा सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की जा रही है या नहीं और निर्धारित मानकों के अनुसार काम कराया जा रहा है अथवा नहीं, इसकी जांच भी जरूरी है।

सफाई व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में भी आक्रोश पनप रहा है। व्यापारियों का कहना है कि मंडी प्रशासन को ठेकेदार की मनमानी पर अंकुश लगाते हुए नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसानों और व्यापारियों को गंदगी के बीच कारोबार करने के लिए मजबूर न होना पड़े।

अब सवाल यह है कि सफाई का ठेका देने के बावजूद मंडी परिसर में कूड़े के ढेर और बजबजाती नालियां क्यों हैं?

क्या मंडी प्रशासन द्वारा ठेकेदार के कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और यदि नहीं, तो जिम्मेदारी किसकी तय होगी?

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *