आज की ताजा खबर

किसान दिवस में डीएम ने दिए सख्त निर्देश, किसानों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान कराने पर जोर

top-news

आंवला, मत्स्य पालन और डेयरी को बढ़ावा देने की तैयारी, स्थानीय उत्पादों के लिए बनेगी कार्ययोजना

कृषि, बिजली, सिंचाई, पशुपालन और बैंकिंग विभागों के अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किसान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों ने बिजली, सिंचाई, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य पालन और बैंकिंग समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के बाद संबंधित किसान को भी इसकी जानकारी दी जाए, ताकि उसे अपने प्रकरण की स्थिति स्पष्ट रूप से पता चल सके।


आंवला और डेयरी समेत कृषि आधारित गतिविधियों पर जोर

बैठक में जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी को संबंधित किसानों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में आंवला, मत्स्य पालन और डेयरी जैसे क्षेत्रों की संभावनाओं को चिन्हित कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

डीएम ने स्थानीय उत्पादों और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ के तहत प्रभावी तरीके से काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कृषि क्षमता और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए आय बढ़ाने के अवसर विकसित किए जाएं।

किसानों को योजनाओं और पशुपालन की दी गई जानकारी

किसान दिवस में कृषि विज्ञान केंद्र, सुलतानपुर की ओर से किसानों को कृषि की समसामयिक गतिविधियों और नई तकनीकों से संबंधित जानकारी दी गई। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशु बीमा तथा पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को बताया।

बैठक में किसानों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए और निस्तारण की सूचना संबंधित किसान को उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में प्रगतिशील किसान छोटे लाल यादव, सत्य नारायण तिवारी, गांधी सिंह, राम प्रकाश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, ओम प्रकाश सिंह, हृदयराम वर्मा, राम भारत गौड़ समेत अन्य किसान मौजूद रहे। इसके अलावा विद्युत, सिंचाई, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य और बैंकिंग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *