आज की ताजा खबर

लगातार शिकायतों के बाद हटाए गए सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा

top-news

धर्मेश गंगवार को मिली जिले की कमान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रहे हैं नए जिलाध्यक्ष

शोएब खान

पीलीभीत। समाजवादी पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए पीलीभीत के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ को पद से हटा दिया है। उनकी जगह पूर्व जिला पंचायत सदस्य धर्मेश गंगवार को पार्टी का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। जग्गा को लेकर संगठन स्तर पर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच हुए इस बदलाव ने जिले की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, पार्टी की ओर से जग्गा को हटाए जाने के पीछे का विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

धर्मेश गंगवार जिले की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। उनकी पत्नी भी जिला पंचायत सदस्य रही हैं। पंचायत राजनीति में सक्रिय रहने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में उनके राजनीतिक संपर्क माने जाते हैं। ऐसे में सपा ने संगठन की कमान उन्हें सौंपकर आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ग्रामीण और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया है।


जिलाध्यक्ष पद पर बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा समेत सभी प्रमुख दल संगठन को सक्रिय करने में जुटे हैं। पीलीभीत की चारों विधानसभा सीटों पर पार्टी के सामने कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और स्थानीय नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की चुनौती है।

जगदेव सिंह जग्गा के कार्यकाल के दौरान जिले में सपा के कई संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रम हुए। हाल के दिनों में पार्टी की गतिविधियां भी तेज रही हैं। इसी बीच जिलाध्यक्ष के खिलाफ शिकायतों की चर्चा और अब नेतृत्व परिवर्तन ने पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर भी चर्चाओं को जन्म दिया है।

अब नए जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार के सामने संगठन को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्हें पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने के साथ विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना होगा। खासकर 2027 के चुनाव को देखते हुए पार्टी के भीतर चल रही विभिन्न गतिविधियों और स्थानीय स्तर के समीकरणों के बीच उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

जिलाध्यक्ष बदलने के साथ अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि धर्मेश गंगवार के नेतृत्व में जिले में सपा संगठन किस तरह की नई रणनीति अपनाता है और पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को किस तरह साधा जाता है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *