आज की ताजा खबर

बिचौलियों की करतूत 46 की चीनी 60 रुपये किलो बेचने की शिकायत, डीएम ने बैठाई जांच

top-news

किसान दिवस में उठीं बिजली कटौती, खाद और पशु टीकाकरण की समस्याएं; अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l किसान दिवस की बैठक में किसानों ने चीनी की ओवररेटिंग से लेकर अघोषित बिजली कटौती, पशु टीकाकरण और बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाईं। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर चीनी बेचे जाने की शिकायत को गंभीरता से लिया गया। प्रगतिशील किसान शिव प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि फुटकर विक्रेता 46 रुपये निर्धारित कीमत के स्थान पर 60 रुपये प्रति किलो तक चीनी बेच रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जांच समिति गठित कर डीलर और थोक व्यापारियों के स्टॉक की जांच कराने तथा शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

किसान रामबहादुर राजपूत ने अघोषित विद्युत कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को कटौती के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पशुओं के टीकाकरण को लेकर भी बैठक में सवाल उठे। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से जिले के सभी गांवों में कराए गए टीकाकरण की विकासखंडवार कवरेज रिपोर्ट और उसकी क्रॉस-चेकिंग कर विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा।बैठक में रबी फसलों के लिए बीज मिनीकिट और 50 प्रतिशत अनुदान की योजना की जानकारी किसानों को दी गई।

चना, मटर, मसूर, सरसों और तोरिया आदि फसलों के लिए किसान बुकिंग करा सकेंगे। कृषि विभाग की ओर से खाद की उपलब्धता पर्याप्त होने की जानकारी दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली या ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण बैंकों के विलय के बाद बदले IFSC कोड के कारण किसानों को अनुदान राशि मिलने में आ रही दिक्कत भी बैठक में उठी। किसानों ने बताया कि बैंकिंग व्यवस्था में बदलाव के चलते भुगतान में परेशानी हो रही है। अधिकारियों को इस समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसान दिवस में आने वाली शिकायतों को केवल बैठक तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संबंधित विभाग मौके पर जांच कराते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।बैठक में सीडीओ विनोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा समेत कृषि, विद्युत, पशुपालन, सिंचाई, सहकारिता, नाबार्ड, मंडी, उद्यान और फसल बीमा योजना से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *