आज की ताजा खबर

राज्य स्तरीय शैक्षिक कार्यशाला में कुशीनगर की शिक्षिका नमिता सिंह का जलवा

top-news

आईसीटी और एआई आधारित नवाचारों का किया प्रभावी प्रस्तुतीकरण, वित्त मंत्री ने प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर किया सम्मानित

मोहम्मद नईम

कुशीनगर l कुशीनगर शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में कुशीनगर का नाम एक बार फिर प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। जनपद के विकास खण्ड विशुनपुरा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गोलाघाट की सहायक अध्यापिका नमिता सिंह ने शाहजहांपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शैक्षिक नवाचार कार्यशाला में आईसीटी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित आधुनिक शैक्षिक नवाचारों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की ओर से शाहजहांपुर स्थित सत्यम इम्पीरिया रिसॉर्ट में ‘सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से शिक्षकों ने प्रतिभाग कर शिक्षा में तकनीक के अभिनव प्रयोगों को साझा किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना व विशिष्ट अतिथियों में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार, बीबीएयू लखनऊ के प्रो. डॉ.पवन कुमार चौरसिया, एकेटीयू के प्रो. डॉ.करुणेश कुमार सिंह तथा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यशाला के दौरान नमिता सिंह ने कक्षा-कक्ष में आईसीटी और एआई के उपयोग से शिक्षण को अधिक रोचक, सरल और प्रभावी बनाने से जुड़े अपने नवाचारी प्रयोगों का प्रस्तुतीकरण किया। उनके प्रस्तुतीकरण को अतिथियों और उपस्थित शिक्षकों ने सराहा।

समारोह के समापन अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना एवं अन्य अतिथियों ने नमिता सिंह को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने से कुशीनगर के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है। नमिता सिंह की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला महामंत्री दिलीप कुमार पांडेय तथा विशुनपुरा के खंड शिक्षा अधिकारी जयंत भारती ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास अन्य शिक्षकों को भी तकनीक आधारित नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *