आज की ताजा खबर

कृषि विश्वविद्यालय में सितंबर से कक्षाएं शुरू कराने की तैयारी, निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

top-news

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। बुद्ध स्थली कुशीनगर में रामाभार स्तूप के निकट निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुशीनगर में सितंबर माह से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। बुधवार शाम कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर निर्माणाधीन भवनों एवं अन्य सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को शेष निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


कृषि मंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया चल रही है। अब तक 48 विद्यार्थियों ने महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुशीनगर का विकल्प चुना है। विद्यार्थियों की कक्षाएं इसी माह शुरू कराने की तैयारी है। इसके दृष्टिगत शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने निर्माणाधीन कक्षाओं, पुस्तकालय, मेस तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति एवं पूर्ण किए जा चुके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मैनपावर लगाकर कार्य में तेजी लाई जाए तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी। कृषि मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय का निर्माण ऐसे स्थल पर किया जा रहा है, जहां पूर्व में ताल एवं तालाब का क्षेत्र था। इसके बावजूद निर्माण कार्य को निर्धारित दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षाएं प्रारंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक, आवासीय, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके पश्चात कृषि मंत्री ने निर्माणाधीन छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास के कमरों, आवासीय सुविधाओं, भोजन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक, निदेशक प्रशासन एवं प्रशिक्षण डॉ. सुशांत श्रीवास्तव, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार राहुल कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *