आज की ताजा खबर

कानपुर में दसलक्षण महापर्व के दूसरे दिन मनाया गया उत्तम मार्दव धर्म

top-news

पंचकूचा जनरल गंज स्थित दिगंबर जैन मंदिर में तीर्थंकर श्री ऋषभ देव का अभिषेक और शांतिधारा हुई

पूजा-अर्चना के साथ भक्तों ने समझा मार्दव धर्म का संदेश, घमंड छोड़कर विनम्रता अपनाने पर दिया जोर

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। दसलक्षण महापर्व के द्वितीय दिवस पर उत्तम मार्दव धर्म का पर्व श्री दिगंबर जैन पंचायती पुराना मंदिर, गली वाला, पंचकूचा, जनरल गंज में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत सौधर्म इंद्र के चयन से हुई।

सौधर्म इंद्र के रूप में श्री विनोद कुमार हर्षित जैन, श्री सुनील कुमार हर्षित जैन और श्री अजीत कुमार अतिशय जैन का चयन किया गया। इसके बाद सर्वप्रथम तीर्थंकर श्री ऋषभ देव भगवान का अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद शांति मंत्रों के साथ शांतिधारा संपन्न हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

इसके बाद मंदिर में नित्य पूजा और दसलक्षण महापर्व की विशेष पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सहस्रनाम स्त्रोत का पाठ करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।


उत्तम मार्दव धर्म देता है अहंकार छोड़ने का संदेश

दसलक्षण महापर्व के दूसरे दिन मनाए जाने वाले उत्तम मार्दव धर्म का अर्थ मान यानी घमंड का त्याग करना बताया गया। जैन धर्म में मार्दव को ऐसा धर्म माना गया है, जो व्यक्ति को अपनी उपलब्धियों और क्षमताओं पर अहंकार न करने की सीख देता है।

धार्मिक संदेश में बताया गया कि मद एक कषाय रूप है, जो आत्मा को बांधता है। व्यक्ति को अपनी सुंदरता, धन, ज्ञान या शक्ति का अहंकार हो सकता है। सुंदर व्यक्ति को अपनी सुंदरता, धनी व्यक्ति को अपने धन, ज्ञानी को अपने ज्ञान और शक्तिशाली व्यक्ति को अपनी ताकत का मद हो सकता है। लेकिन ये सभी चीजें व्यक्ति के पुण्य कर्म से जुड़ी मानी जाती हैं और पुण्य कर्म कब समाप्त हो जाए, इसका पता नहीं होता।

इसीलिए उत्तम मार्दव धर्म व्यक्ति को अपनी किसी प्रतिभा, उपलब्धि या विशेषता के कारण दूसरों का अनादर न करने और अहंकार से दूर रहने का संदेश देता है। श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मंदिर के सभापति श्री संजय कुमार जैन, मंत्री श्री अनिल जैन, श्री राजेश जैन, श्री प्रशांत जैन, उप मंत्री श्री प्रेमचंद जैन, श्री अनिल जैन (पीपी), त्रिभुवन चंद्र जैन, प्रशांत जैन, पवन गंगवाल, अनिल गंगवाल, श्रीमती पुष्पा जैन, एकता जैन और मंजू जैन सहित अल्पना जैन तथा अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *