आज की ताजा खबर

सेवा संकल्प की रोशनी में नहाया फर्रुखाबाद, 2.50 लाख दीपों से गूंजा जनसेवा का संदेश

top-news

स्वच्छता से रक्तदान तक दिनभर चला सेवा का सिलसिला, 273 दिव्यांगों को 58 लाख की लागत के 537 सहायक उपकरण, कारीगरों को टूलकिट व ऋण का संबल; पांचाल घाट पर गंगा आरती और स्टेडियम में 21 हजार दीपों ने बिखेरी रोशनी

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिले में सेवा संकल्प अभियान का भव्य आगाज हुआ। सुबह सात बजे से शुरू हुआ जनसेवा का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। कहीं अधिकारी हाथों में झाड़ू लेकर स्वच्छता का संदेश देते नजर आए तो कहीं रक्तदान कर जरूरतमंदों का जीवन बचाने की पहल हुई। दिव्यांगों को लाखों रुपये की लागत के सहायक उपकरण वितरित किए गए तो विश्वकर्मा जयंती पर कारीगरों और युवाओं को टूलकिट तथा ऋण स्वीकृति पत्र देकर स्वरोजगार की राह दिखाई गई। शाम को पांचाल घाट पर गंगा आरती के बाद दीपोत्सव हुआ और स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम 21 हजार दीपों से जगमगा उठा। प्रशासन के अनुसार जिलेभर में करीब 2.50 लाख दीप प्रज्वलित किए गए।

सांसद मुकेश राजपूत और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा समेत जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

पांचाल घाट और स्टेडियम में स्वच्छता की अलख

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर सुबह सात बजे पांचाल घाट और स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने लोगों से घरों, प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई रखने की अपील की। कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी है।

रक्तदान से दिया जीवन बचाने का संदेश

पूर्वाह्न 11 बजे डॉ. राममनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर समेत जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिविर में सहभागिता की। विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को फल और मिष्ठान वितरित किए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रक्तदान शिविर में एकत्र रक्त का उपयोग जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान जरूरतमंद प्रसूताओं के उपचार में किया जाएगा। सांसद ने भी लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।


273 दिव्यांगों के जीवन को मिला सहारे का संबल

अपराह्न एक बजे राजकीय संकेत विद्यालय फतेहगढ़ में निःशुल्क दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एलिम्को के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 273 दिव्यांग लाभार्थियों को करीब 58 लाख रुपये की लागत के 537 सहायक यंत्र एवं उपकरण वितरित किए गए।

मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वाकिंग स्टिक, कान की मशीन, रोलेटर, सुगम्य केन, फोल्डर वॉकर, सिलिकॉन कुशन, कृत्रिम अंग, कैलीपर, टीएलएम किट और कमोड कुर्सी समेत विभिन्न उपकरण शामिल रहे। उपकरण हाथ में आते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

कार्यक्रम में विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य और सांसद मुकेश राजपूत ने विचार रखे। एलिम्को के सहायक प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने योजना और उपकरण वितरण की जानकारी दी।

विश्वकर्मा जयंती पर कारीगरों को टूलकिट, युवाओं को मिला रोजगार का सहारा

अपराह्न चार बजे कलेक्ट्रेट सभागार में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के पोर्टल शुभारंभ के साथ टूलकिट और ऋण स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ। सीएम युवा उद्यमी योजना के पांच लाभार्थियों को चेक तथा 13 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना में 25 ट्रेड शामिल हैं। बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, नाई, राजमिस्त्री, सुनार, हलवाई और मोची जैसे पारंपरिक ट्रेडों के साथ मोबाइल रिपेयर, ऑटोमोबाइल रिपेयर, इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक रिपेयर, प्लंबर, कंप्यूटर रिपेयर, सोलर इंस्टॉलेशन और डिजिटल फोटोग्राफी जैसे आधुनिक ट्रेड भी इसमें शामिल हैं।

पात्र लाभार्थियों को 15 हजार रुपये तक की उन्नत टूलकिट उपलब्ध कराने के साथ अधिकतम 10 दिन का निशुल्क कौशल प्रशिक्षण देने का प्रावधान है। प्रशिक्षण के दौरान नई तकनीक, उत्पाद विकास, डिजाइन और मार्केटिंग की जानकारी दी जाएगी। व्यवसाय स्थापित अथवा विस्तारित करने के लिए पात्र लाभार्थियों को वित्तीय सहायता से जोड़ने की व्यवस्था भी है।

पांचाल घाट पर गंगा आरती, 5000 दीपों से जगमगाया घाट

शाम 6:30 बजे पांचाल घाट पर गंगा आरती का आयोजन हुआ। इसके बाद दीपोत्सव के तहत घाट पर पांच हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की कतारों से गंगा तट का दृश्य आकर्षक हो उठा। श्रद्धा और सेवा के संदेश के बीच लोगों ने दीप जलाकर वातावरण को रोशन किया।

21 हजार दीपों से जगमगाया स्टेडियम

गंगा आरती के बाद स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में 21 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा स्टेडियम जगमगा उठा। सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन आयोजित कार्यक्रमों का यह प्रमुख आकर्षण रहा।

सरकारी कार्यालयों से स्कूलों तक जला ‘आशीर्वाद का दीया’

शाम सात बजे जिले के सरकारी कार्यालयों, भवनों, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों तथा सामुदायिक केंद्रों पर आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया गया। प्रशासन के अनुसार जिला प्रशासन और पार्टी प्रतिनिधियों के समन्वय से जिले में एक ही दिन में करीब 2.50 लाख दीप प्रज्वलित किए गए।

कार्यक्रमों में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और पार्टी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के साथ जिले में एक माह तक चलने वाली विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत हो गई। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना बताया गया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *