आज की ताजा खबर

स्कूल गईं दो सहेलियां अचानक हुईं लापता, तीसरे दिन पुलिस ने सकुशल किया बरामद

top-news

छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचने पर परिजनों में मचा हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शुरू की गई तलाश

पुलिस की सक्रियता से दोनों छात्राएं सुरक्षित मिलीं, जानकारी के मुताबिक काशी विश्वनाथ धाम दर्शन के लिए गई थीं

सुरेंद्र कुमार पांडेय 

सुलतानपुर। शिवगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली दो नाबालिग सहेलियों के अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। दोनों छात्राएं 15 सितंबर को रोज की तरह सुभाष इंटर कॉलेज, कंघईपुर में पढ़ने गई थीं। स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी जब वे काफी देर तक घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों छात्राओं को तीसरे दिन सकुशल बरामद कर लिया।

परिजनों के अनुसार दोनों छात्राएं आपस में गहरी सहेलियां हैं और रोजाना साथ स्कूल जाती थीं। 15 सितंबर की दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों घर नहीं पहुंचीं। चिंता होने पर परिजन स्कूल पहुंचे तो वहां से दोनों के चले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद रिश्तेदारों, सहेलियों और आसपास के संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए छात्राओं की तलाश के लिए टीम गठित की। स्कूल परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर संभावित स्थानों पर तलाश जारी रखी।


काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने की जानकारी

पुलिस की तलाश के दौरान दोनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार दोनों विश्वनाथ धाम, काशी दर्शन के लिए गई थीं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्राओं को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दोनों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और खुशी जताई।

थानाध्यक्ष परशुराम ओझा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। छात्राओं के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर भरोसा बढ़ा है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *