आज की ताजा खबर

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर रक्तदान से हुआ सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह

top-news

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ स्वैच्छिक रक्तदान के साथ किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं आमजन ने सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि गंगवार तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता किसी मरीज के लिए जीवनदायिनी साबित होती है। उन्होंने लोगों से सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

विधायक सुशील कुमार शाक्य एवं डॉ. सुरभि गंगवार ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्तदान को पुनीत सेवा कार्य बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए समाज के अन्य लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और जनभागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किए गए इस अभियान का मूल भाव सेवा, सहयोग और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। मरीजों को फल वितरित करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मरीजों के बीच पहुंचकर फल वितरण किए जाने से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों में भी उत्साह देखने को मिला।

रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को बताया गया कि उनका रक्तदान जरूरतमंद मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर रोगियों के उपचार में उपयोगी हो सकता है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर तथा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने भी पहुंचकर रक्तदान शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया, रक्तदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस शिविर के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को जनसेवा से जोड़ा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की सुविधा, रक्त संग्रह एवं अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित किया। लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा जरूरतमंदों की सहायता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर रक्तदान एवं भर्ती मरीजों को फल वितरण जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से मानव सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत जनसेवा के संकल्प के साथ हुई।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *