आज की ताजा खबर

कच्ची शराब के अड्डे पर आबकारी का धावा, सात लीटर अवैध शराब बरामद

top-news

महरूपुर रावी में दबिश से मचा हड़कंप, सिंगुरापुर-रजीपुर की शराब दुकानों पर भी चला जांच का डंडा

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर गुरुवार को चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान में आबकारी टीम ने महरूपुर रावी गांव में दबिश देकर सात लीटर कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में टीमों को सक्रिय किया गया है। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने मय स्टाफ महरूपुर रावी में संदिग्ध स्थान पर दबिश दी। टीम को देखते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जांच के दौरान सात लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। बरामद शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

शराब दुकानों पर भी अचानक पहुंची टीम

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आबकारी विभाग ने लाइसेंसी दुकानों पर भी निगरानी कड़ी कर दी। टीम ने सिंगुरापुर और रजीपुर स्थित कम्पोजिट दुकानों तथा देशी मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंची टीम को देखकर दुकानदारों में भी हड़कंप की स्थिति रही।

अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया। स्टॉक रजिस्टर की जांच के साथ ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि दुकानों पर निर्धारित नियमों के अनुसार ही बिक्री हो रही है।

 

अभिलेखों में गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई तय

निरीक्षण के दौरान आबकारी अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को साफ निर्देश दिए कि सभी अभिलेख समय से अद्यतन रखें। शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्टॉक और अभिलेखों में अंतर मिलने या अन्य किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित अनुज्ञापी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

विभागीय टीमों को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों पर निगरानी बढ़ाकर सूचना मिलते ही दबिश और कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है। विभाग का दावा है कि अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *