आज की ताजा खबर

अमृतपुर के समग्र विकास को लेकर सक्रिय डॉ. युवराज सिंह, औद्योगिक राज्यमंत्री से की मुलाकात

top-news

क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को रखा प्रमुखता से, हरसंभव सहयोग का मिला आश्वासन

रोजगार के नए अवसर और औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से ही बदलेंगे बाढ़ प्रभावित अमृतपुर के हालात : डॉ. युवराज सिंह

 लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. युवराज सिंह लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी से मुलाकात कर अमृतपुर क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों, विकास की जरूरतों और रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और प्रमुख समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा गया।

डॉ. युवराज सिंह ने कहा कि अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है। इस वर्ष भी गंगा और रामगंगा में आई बाढ़ ने बड़ी आबादी को प्रभावित किया है। बाढ़ के कारण जहां ग्रामीणों के सामने आवागमन, कृषि और पशुपालन से जुड़ी दिक्कतें खड़ी हुई हैं, वहीं क्षेत्र में बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों और रोजगार के पर्याप्त अवसरों का अभाव भी युवाओं के सामने बड़ी चुनौती है। ऐसे में क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास के लिए रोजगार सृजन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि अमृतपुर की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां ऐसे रोजगारपरक उद्योगों और लघु एवं मध्यम औद्योगिक इकाइयों को बढ़ावा दिए जाने की आवश्यकता है, जिनसे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिल सके। इससे पलायन पर भी अंकुश लगेगा और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के बाद प्रभावित परिवारों को आर्थिक रूप से संभलने का अवसर मिलेगा।

जनसंवाद से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक सक्रिय

डॉ. युवराज सिंह क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं। जनसंवाद के माध्यम से वह केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए अपने चिकित्सकीय अनुभव का उपयोग करते हुए वह मेडिकल कैंप भी आयोजित कर रहे हैं। इन शिविरों में ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अमृतपुर की जनता के बीच रहकर समस्याओं को समझना और उन्हें संबंधित विभागों व शासन के जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बाढ़ नियंत्रण जैसे विषयों पर निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।

मंत्री ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी से हुई मुलाकात को डॉ. युवराज सिंह ने सकारात्मक और महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मंत्री ने अमृतपुर के विकास से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने मंत्री की सरलता, सहज व्यवहार और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास को लेकर हुई चर्चा भविष्य में सकारात्मक पहल का आधार बनेगी।

डॉ. युवराज सिंह ने कहा कि अमृतपुर की जनता की समस्याओं को केवल तात्कालिक राहत तक सीमित रखने के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में काम करने की जरूरत है। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र में रोजगार के नए साधन विकसित किए जाएं और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ें तो क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है। इसी उद्देश्य को लेकर वह लगातार जनप्रतिनिधियों और शासन के जिम्मेदार लोगों के समक्ष अमृतपुर की आवाज पहुंचा रहे हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *