आज की ताजा खबर

स्वामी दिव्यानंद जी महाराज के जन्मोत्सव में उमड़ी 25 हजार श्रद्धालुओं की संगत, भैया जी ने दिया शांति का संदेश

top-news

भोजीपुरा आश्रम में सत्संग-भंडारे के साथ मनाया गया जन्मदिवस, कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु

आस्था के साथ सेवा का संदेश, निःशुल्क नेत्र शिविर में लोगों की हुई जांच और उपचार

लोक भारती न्यूज ब्यूरो

भोजीपुरा-बरेली। स्वामी दिव्यानंद जी महाराज का जन्मदिवस शुक्रवार को भोजीपुरा स्थित आश्रम में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित सत्संग और भंडारे में करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। बरेली के अलावा पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, मुरादाबाद, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर और हरिद्वार समेत विभिन्न स्थानों से संगत आश्रम पहुंची।

कार्यक्रम की अध्यक्षता देवेंद्र मोहन (भैया जी) ने की। सत्संग को संबोधित करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को जीवन में शांति, स्थिरता, निर्भयता और प्रभु के प्रति पूर्ण समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भक्ति केवल भावनाओं में बहने का नाम नहीं, बल्कि प्रभु के प्रति विश्वास और समर्पण की अवस्था है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक भागदौड़ छोड़कर वर्तमान में ठहरने और संतोष के साथ जीवन जीने का आह्वान किया।


भैया जी ने कहा कि आध्यात्मिक जीवन में भय से मुक्त रहना, भ्रम से बचना और प्रभु पर पूर्ण विश्वास रखना जरूरी है। व्यक्ति जब अपनी अनावश्यक चिंताओं और भागदौड़ से ऊपर उठकर प्रभु पर भरोसा करता है तो उसके भीतर शांति और स्थिरता का अनुभव होने लगता है। उन्होंने कहा कि जीवन में ज्ञान और धारणाओं के अहंकार से ऊपर उठकर प्रत्येक परिस्थिति को प्रभु को समर्पित करने की भावना विकसित करनी चाहिए।

सत्संग के बाद भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद और लंगर ग्रहण किया। जन्मोत्सव के दौरान सेवा भावना को भी विशेष महत्व दिया गया। रजनी केयर फाउंडेशन और श्री राम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में लोगों की आंखों की जांच और उपचार किया गया। आवश्यकता वाले मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन भी किए जाने की जानकारी दी गई।

जन्मोत्सव समारोह में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के डिप्टी चेयरमैन कुंवर रविंद्र सिंह राठौर, परम पूज्य संत श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्ता नंद जी, विधायक बहोरन लाल मौर्य, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, शिव मंगल सिंह राठौर और अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन श्रुति गंगवार समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की सफलता में गेंदन लाल बाबू जी, प्रेम शंकर, श्याम बिहारी, मोहन स्वरूप, हरपाल भाई, शंकर लाल, महेश भाई और उनकी लंगर टीम समेत सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर में श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *