आज की ताजा खबर

टूटी रेलिंग बनी जानलेवा आफत, जिम्मेदारों की चुप्पी पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

top-news

पखनहा चौराहे पर नहर पुल की आधी रेलिंग ध्वस्त, हादसे के साए में आवागमन—बलकुडिया-पिपरा मार्ग की पुलिया भी बदहाल

मोहम्मद नईम

मंसाछापर कुशीनगर। विशुनपुरा विकासखंड क्षेत्र में नहरों पर बनी पुलियाओं की बदहाल व्यवस्था राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। पखनहा चौराहे पर नहर पुल की रेलिंग पिछले कई महीनों से टूटी पड़ी है। आधी रेलिंग ध्वस्त होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक मरम्मत नहीं कराए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है।

शनिवार को दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों ने पुल पर प्रदर्शन कर तत्काल टूटी रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, महिलाएं, किसान, बाइक सवार और अन्य राहगीर गुजरते हैं। रेलिंग टूटने के कारण दिन के साथ-साथ रात में भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार राहगीर और बाइक सवार हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द रेलिंग की मरम्मत नहीं कराई गई तो ब्लॉक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

मोड़ के पास टूटी रेलिंग, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

चिरगोड़ा से पड़रही की ओर जाने वाली नहर पटरी पर स्थित पखनहा चौराहे से नहर पार कर अहिरौली जाने वाले मुख्य मार्ग पर बनी पुलिया की आधी रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया के आसपास आवागमन भी काफी रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


बलकुडिया-पिपरा मार्ग की पुलिया भी बनी खतरे का कारण

इसी तरह विशुनपुरा विकासखंड क्षेत्र में बलकुडिया से पिपरा बाजार जाने वाले मार्ग पर ग्राम पंचायत नरचोचवा में स्थित नहर पुलिया की हालत भी चिंताजनक है। पुलिया की एक ओर की रेलिंग आधी टूट चुकी है, जबकि दूसरी ओर की रेलिंग पूरी तरह टूटकर नहर में जा गिरी है।

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि पुलिया के दोनों ओर मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहन चालकों को दूर से टूटी रेलिंग दिखाई नहीं देती। अचानक पुलिया के पास पहुंचने पर स्थिति स्पष्ट होती है, जिससे अनहोनी की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी।

जिले की कई नहर पुलियाओं पर यही स्थिति

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह समस्या केवल पखनहा या नरचोचवा की पुलियाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जनपद की कई नहरों पर बने पुलों की रेलिंग क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण और मरम्मत पर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर पुलियाओं का अभियान चलाकर निरीक्षण कराया जाए और जहां भी रेलिंग क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। प्रदर्शन के दौरान पप्पू जायसवाल, श्यामसुंदर राजभर, बीरबल मद्धेशिया, मुलायम जायसवाल, गुड्डू मद्धेशिया, राजेश मद्धेशिया, झींगुर जायसवाल, शिवनाथ मद्धेशिया, रमेश भारती, श्याम बदन भारती, दिनेश जायसवाल, फुलबदन भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और चौराहे के दुकानदार मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *