आज की ताजा खबर

वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुलेगा अपराध का राज, पुलिसकर्मियों को घटनास्थल प्रबंधन का प्रशिक्षण

top-news

पुलिस लाइन में एक दिवसीय प्रशिक्षण, घटनास्थल सुरक्षित रखने से लेकर साक्ष्य जुटाने और संरक्षण की बारीकियां समझीं; गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर जोर,

 लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद अपराध के मामलों की विवेचना को और अधिक वैज्ञानिक, सटीक एवं प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने जांच की आधुनिक पद्धतियों पर जोर देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस लाइन फतेहगढ़ के परेड ग्राउंड में पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ की अध्यक्षता में अपराध स्थल प्रबंधन एवं साक्ष्य आधारित विवेचना विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और विवेचकों ने प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और विवेचकों को अपराध स्थल को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया से लेकर वहां मौजूद महत्वपूर्ण साक्ष्यों की पहचान, वैज्ञानिक तरीके से संकलन और उनके संरक्षण के संबंध में विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि किसी भी आपराधिक घटना की विवेचना में घटनास्थल पर मौजूद साक्ष्य बेहद महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। थोड़ी सी लापरवाही से साक्ष्य प्रभावित होने पर पूरी विवेचना की दिशा बदल सकती है।


 घटनास्थल की सुरक्षा से शुरू होगी मजबूत विवेचना

 प्रशिक्षण में घटनास्थल पर अनावश्यक आवाजाही रोकने, महत्वपूर्ण स्थानों को सुरक्षित रखने और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न होने देने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों को समझाया गया कि घटनास्थल पर पहुंचते ही प्रत्येक गतिविधि को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाए, ताकि वहां मौजूद सूक्ष्म से सूक्ष्म साक्ष्य भी सुरक्षित रह सकें।

 साक्ष्य जुटाने से संरक्षण तक समझीं बारीकियां

 पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को प्रभावी तरीके से एकत्र करने, उनकी पहचान करने, सुरक्षित रखने और विवेचना में उनका समुचित उपयोग करने के बारे में जानकारी दी गई। साक्ष्यों की विश्वसनीयता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखने को भी विवेचना का अहम हिस्सा बताया गया।


 गुणवत्तापूर्ण विवेचना और अपराध के अनावरण पर जोर

 प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विवेचनाओं में वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना रहा। अधिकारियों को बताया गया कि उपलब्ध साक्ष्यों का सही विश्लेषण कर उन्हें घटना की विभिन्न कड़ियों से जोड़ने पर अपराध की वास्तविकता तक पहुंचना आसान होता है। साक्ष्य आधारित विवेचना से अपराध के सफल अनावरण के साथ न्यायालय में अभियोजन को भी मजबूती मिलती है।

 पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बदलते समय के साथ अपराध के तौर-तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसे में पुलिस की जांच प्रक्रिया को भी वैज्ञानिक तकनीकों और साक्ष्य आधारित पद्धति के अनुरूप लगातार मजबूत करना जरूरी है। प्रशिक्षण के माध्यम से विवेचकों की कार्यकुशलता बढ़ाने और मामलों की जांच में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।

 प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को विवेचना के दौरान प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण से पुलिस की जांच प्रक्रिया को अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और साक्ष्य आधारित बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *