आज की ताजा खबर

जांच के बीच सगौन की लकड़ी पर ‘मेहरबानी’, ट्रक पकड़ा, कार्रवाई पर सवाल

top-news

जिला पंचायत की 70 बेशकीमती सगौन के पेड़ों की नीलामी पर पहले ही उठ चुके हैं सवाल, अब लकड़ी की निकासी को लेकर वन विभाग की भूमिका भी घेरे में

शोएब खान

पीलीभीत। जिला पंचायत की ओर से 70 बेशकीमती सगौन के पेड़ों की कथित तौर पर गुपचुप नीलामी का मामला अभी जांच के घेरे में है। इसी बीच रविवार को मौके से लकड़ी की निकासी का मामला सामने आने से प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया। वन विभाग की टीम ने लकड़ी से लदा एक ट्रक पकड़ा। इसके बाद ट्रक को लेकर हुई कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।

बताया गया कि रविवार को कुछ लोग मौके से काटी गई सगौन की लकड़ी ट्रक में भरकर ले जाने की तैयारी में थे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लकड़ी से लदे ट्रक को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

मामले में वन विभाग के डिप्टी रेंजर शेर सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने लकड़ी की निकासी नहीं होने की बात कही। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि यदि लकड़ी हटाने की अनुमति नहीं थी तो ट्रक में लकड़ी कहां से पहुंची और उसे मौके से बाहर ले जाने की तैयारी किस आधार पर की जा रही थी।


जांच के बीच निकासी ने बढ़ाए सवाल

जिला पंचायत की 70 सगौन के पेड़ों की नीलामी को लेकर पहले ही सवाल उठ चुके हैं। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले मौके से लकड़ी हटाने का प्रयास कई सवाल खड़े कर रहा है। खासकर तब, जब नीलामी की प्रक्रिया और पेड़ों की कटान को लेकर पहले से ही शिकायतें सामने आ चुकी हैं।

अब पूरे मामले में यह भी जांच का विषय बन गया है कि लकड़ी की कटान के बाद उसकी निकासी की अनुमति किस स्तर से दी गई थी, ट्रक वहां किसके निर्देश पर पहुंचा और पकड़े जाने के बाद उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई।

ट्रक पकड़े जाने के बाद कार्रवाई पर नजर

जिला पंचायत की नीलामी से लेकर पेड़ों की कटान, लकड़ी की निकासी और ट्रक पकड़े जाने तक की घटनाओं ने पूरे मामले को सवालों के घेरे में ला दिया है। वन विभाग की स्थानीय स्तर की भूमिका को लेकर भी चर्चा है। हालांकि विभागीय स्तर से इस संबंध में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं की गई है।

अब जिलाधिकारी के स्तर से चल रही जांच में यह सामने आना महत्वपूर्ण होगा कि नीलामी की प्रक्रिया नियमों के अनुरूप हुई थी या नहीं और जांच के दौरान लकड़ी की निकासी की कोशिश करने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। जांच रिपोर्ट से ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *