आज की ताजा खबर

विज्ञान जागरूकता रैली में गूंजा अंधविश्वास मिटाने का संदेश

top-news

कुड़वा उर्फ दिलीप नगर में संगोष्ठी आयोजित, छात्र-छात्राओं ने वैज्ञानिक सोच अपनाने का दिया संदेश

मुहम्मद नईम

कसया, कुशीनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में व्याप्त अंधविश्वास एवं कुरीतियों के खिलाफ वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से 19 सितंबर को राष्ट्रीय विज्ञान जागरूकता एवं प्रसार अभियान योजना के तहत एक दिवसीय विज्ञान संगोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मानव सहयोगी सेवा संस्थान, टेकुआटार, कुशीनगर की ओर से कसया ब्लॉक के कुड़वा उर्फ दिलीप नगर स्थित बाबू नागेंद्र सिंह विद्यालय परिसर में किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित करने के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

रैली में बच्चों ने दिया वैज्ञानिक सोच का संदेश

संगोष्ठी से पूर्व विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां और बैनर लेकर गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने “अंधविश्वास को दूर भगाना है, वैज्ञानिक सोच को अपनाना है” और “विज्ञान का यह है नारा, उन्नत बने समाज हमारा” जैसे नारों से ग्रामीणों को जागरूक किया। ग्रामीणों ने रैली का उत्साह बढ़ाया और आयोजन की सराहना की।


जिज्ञासा और सवाल करने की आदत से विकसित होती है वैज्ञानिक सोच

रैली के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता उमेश चौबे ने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान, मोबाइल और इंटरनेट तकनीक का है। किसी भी देश और समाज की प्रगति में वैज्ञानिक सोच की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों में सवाल पूछने और हर बात को तर्क के आधार पर समझने की आदत विकसित करनी चाहिए। अज्ञानता के कारण लोग आज भी ओझा-सोखा और अंधविश्वास के चक्कर में पड़ जाते हैं। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

विद्यालय की प्रधानाध्यापक अंजू सिंह ने कहा कि विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा है। विद्यार्थियों को प्रयोग और अनुभव के माध्यम से विज्ञान समझाने की आवश्यकता है। विद्यालय प्रबंधन भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देता रहेगा।

वरिष्ठ वक्ता राधेश्याम सिंह ने कहा कि विज्ञान और तकनीक ने जीवन को सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके सही उपयोग की समझ भी जरूरी है। युवाओं को मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग ज्ञानवर्धन तथा शिक्षा के लिए करना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने पर भी जोर दिया।

संस्था के कार्यों की दी जानकारी

संस्था के सहयोगी नंदलाल प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मानव सहयोगी सेवा संस्थान टेकुआटार, कुशीनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और विज्ञान जागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विज्ञान जागरूकता अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।

इस अवसर पर मनोज सिंह और लक्ष्मी नारायण ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों और वक्ताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान विद्यालय का स्टाफ, संस्था के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *