आज की ताजा खबर

सुल्तानपुर सदर सीट पर बसपा का दांव,इम्तियाज अहमद 'भुट्टो' को प्रत्याशी घोषित

top-news

प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने किया एलान,बोले-2027 में बसपा अकेले लड़ेगी चुनाव

पीडीए और गठबंधन की राजनीति पर भी साधा निशाना

सुशील मिश्रा

सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच बहुजन समाज पार्टी ने सुल्तानपुर सदर विधानसभा सीट 188 पर अपना पत्ता खोल दिया है।सोमवार को जिले में पहुंचे बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने इम्तियाज अहमद उर्फ भुट्टो को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।इसके साथ ही सदर सीट पर बसपा की चुनावी तैयारी तेज हो गई है।बसपा प्रदेश अध्यक्ष सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे सुल्तानपुर पहुंचे।उन्होंने अंबेडकर पार्क में डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इसके बाद तिकोनिया पार्क में मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी की आगामी रणनीति पर खुलकर बात रखी।विश्वनाथ पाल ने कहा कि बसपा वर्ष 2007 की तर्ज पर जनता का गठबंधन तैयार कर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की तैयारी में है। गठबंधन की राजनीति पर उन्होंने अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई दल चुनाव के समय घोषणाएं और बयानबाजी करते हैं।बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए को लेकर भी निशाना साधा।

उन्होंने पीडीए की व्याख्या करते हुए इसे ‘धोखा’ बताया और अखिलेश यादव की राजनीति पर सवाल उठाए। उनके बयान से जिले की सियासत में भी हलचल बढ़ गई।ओपी राजभर के उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने के बयान पर पाल ने बसपा सरकार के कार्यकाल का हवाला दिया।

उन्होंने कहा कि मायावती सरकार में नए जिलों और मंडलों का गठन किया गया था। पाल ने कहा कि दूसरे दल घोषणाएं करते हैं,लेकिन बाद में उनके क्रियान्वयन पर सवाल खड़े होते हैं।बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी सुल्तानपुर की लंभुआ और सदर विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।

वहीं इसौली और कादीपुर सीटों पर भी जल्द प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने की बात कही। ऐसे में जिले की चारों विधानसभा सीटों पर बसपा की तैयारियों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने के संकेत हैं।सदर सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टो की घोषणा के साथ ही बसपा ने 2027 के लिए अपना चुनावी अभियान आगे बढ़ा दिया है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *