आज की ताजा खबर

जिलाधिकारी ने ब्लॉक स्तर पर पहुंचकर विकास योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा की

top-news

शाकिर अली

मिठौरा महराजगंज lजिलाधिकारी  गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में आज मिठौरा सभागार में विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने और ब्लॉक स्तर पर प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा ब्लॉक स्तर पर पहुंचकर समीक्षा की पहल की गई है।

बैठक में विभागवार योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जल जीवन मिशन की समीक्षा में योजनाओं के क्रियान्वयन में विलंब, लीकेज तथा हाउस होल्ड कनेक्शन में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता, जल निगम (ग्रामीण) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि एक माह के भीतर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित नहीं होने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लक्ष्य के सापेक्ष प्रतिदिन डिमांड की स्थिति खराब पाए जाने पर नौतनवा एवं बृजमनगंज के एडीओ (पंचायत) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कायाकल्प योजना के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।

उन्होंने बीडीओ एवं एडीओ (पंचायत) को तहसीलों से समन्वय स्थापित कर तालाबों के पट्टों की निर्धारित धनराशि ओएसआर खातों में जमा कराने, निर्धारित प्रारूप में वांछित सूचनाएं जिला स्तर पर उपलब्ध कराने, आरआरसी का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा सामुदायिक शौचालयों का समूहों के माध्यम से बेहतर संचालन कराने के निर्देश दिए।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एनआरसी में उपलब्ध बेड के सापेक्ष बच्चों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा प्रत्येक गांव में वीएचएसएनडी सत्रों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने ‘प्रोजेक्ट पहचान’ के तहत पूर्व विकासात्मक विलंब एवं अस्थायी दिव्यांगता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें समय से उपचार एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण और विद्यालयों को हाइटेंशन वायर मुक्त करने हेतु प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

बैठक के अंत में बीडीओ मिठौरा ने पीपीटी प्रेजेंटेशन देते हुए विकास खंड में हुए विकास कार्यों से अवगत कराया।

 बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), उपायुक्त (श्रम रोजगार), उपायुक्त (स्वरोजगार), जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त सीडीपीओ, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *