आज की ताजा खबर

चोरी का माल खरीदने वाले सोनार समेत तीन हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

top-news

सात चोरी व नकबजनी की घटनाओं का खुलासा, 1.44 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और दो तमंचे बरामद

अनुराग मिश्रा

सीतापुर। महमूदाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी व नकबजनी की सात घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले सोनार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 1.44 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो देशी तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सीतापुर के अलावा आसपास के जिलों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।

एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महमूदाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नूरपुर पुल के पास से पांच कथित चोरों और चोरी के आभूषण खरीदने वाले सोनार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम प्रकाश उर्फ प्रकाश निवासी छोटी ग्यारी थाना थानगांव, आशीष उर्फ ननका निवासी सुकुलपुरवा नई बस्ती थाना रामपुर मथुरा, सूबेदार निवासी गुड़गुवा थाना रेउसा, अरविंद्र कुमार और श्रवण उर्फ सरवन निवासी असईपुर थाना रामपुर मथुरा तथा श्रीकृष्ण पवार निवासी बजाजा चौराहा महमूदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार श्रीकृष्ण पवार मूल रूप से महाराष्ट्र के सांगली जिले के तासगांव थाना क्षेत्र के विशापुर गांव का रहने वाला है।

सात वारदातों का पुलिस ने किया खुलासा

सीओ के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बजवापुर गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक श्रवण, सूबेदार और अरविंद ने सदरपुर थाना क्षेत्र के थनैतपुर गांव में 30/31 अगस्त, धमगोदरापुर गांव में 16 अगस्त तथा गोडैचा चौराहे स्थित माइक्रो फाइनेंस शाखा में पांच सितंबर को चोरी की घटना में शामिल होने की बात बताई।

वहीं, अरविंद और श्रवण ने थानगांव थाना क्षेत्र के महन्तापुरवा मजरा नसीरपुर देवरिया में दो अगस्त, सदरपुर थाना क्षेत्र के खुशरूवा गांव में 21/22 जुलाई की रात और थानगांव क्षेत्र के मुखियापुरवा मजरा रंडा में 13/14 जुलाई की रात घरों में चोरी करने की जानकारी पुलिस को दी।

सोनार खरीदता था चोरी के आभूषण

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के दौरान मिले सोने-चांदी के आभूषण सोनार श्रीकृष्ण पवार को बेचते थे। आरोप है कि श्रीकृष्ण पवार चोरी के आभूषण खरीदकर उन्हें गलाने का काम करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,44,100 रुपये नकद, एक पीली धातु की टिक्की, छह जोड़ी पायल, सात अदद मीना, एक सिकड़ी, एक जोड़ी कान की बाली और एक ब्रेसलेट बरामद किया है।

इसके अलावा पुलिस ने दो देशी तमंचे 315 बोर और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। दो मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

कार्रवाई में महमूदाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र विक्रम सिंह, निरीक्षक अक्षय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह, फूलचन्द्र सरोज, प्रमोद कुमार यादव समेत थाना पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। एसओजी टीम में उपनिरीक्षक अरविंद शुक्ला के साथ हेड कांस्टेबल शराफत अली, हेमंत कुमार सिंह, अविनाश सिंह, सोहनपाल, अनुराग पाण्डेय तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *