आज की ताजा खबर

विद्युत कटौती के खिलाफ उपकेंद्र पर गरजे युवा, तीन सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना

top-news

15-20 दिन में समस्याओं के समाधान का विद्युत अधिकारियों ने दिया आश्वासन

जनहित में उठी आवाज, विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग।

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। जनपद के दुदही क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती और जर्जर विद्युत व्यवस्था से नाराज युवाओं ने सोमवार को विद्युत उपकेंद्र दुदही पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। युवाओं ने विद्युत विभाग से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को बदलने और जर्जर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।

धरने के दौरान युवाओं ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। वहीं महिलाओं सहित आम लोगों को घरेलू कार्यों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली न रहने से अंधेरे की स्थिति बनी रहती है।


युवाओं ने विद्युत विभाग के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, लगातार हो रही विद्युत कटौती पर प्रभावी रोक लगाकर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। दूसरी, जिन क्षेत्रों में 63 केवी ट्रांसफार्मर की आवश्यकता है, वहां लगाए गए कम क्षमता वाले 25 केवी ट्रांसफार्मरों को हटाकर आवश्यक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। युवाओं का कहना था कि कम क्षमता के ट्रांसफार्मरों के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था प्रभावित रहती है। तीसरी मांग के तहत क्षेत्र में लगे जर्जर विद्युत तारों को तत्काल बदलकर सुरक्षित और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

धरने की सूचना पर विद्युत विभाग के एसडीओ एवं जेई मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे युवाओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन देते हुए कहा कि 15 से 20 दिनों के भीतर आवश्यक कार्यों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

धरने में जिला पंचायत सदस्य कुमरेश शाह, युवा समाजसेवी अर्पित राय, अनुराग राय, राजन सिंह, रिशु कुशवाहा, जैकी यादव सहित बड़ी संख्या में युवा एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

युवाओं ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता को बेहतर विद्युत सुविधा दिलाने के लिए है। उन्होंने विद्युत विभाग से आश्वासन के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *