आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर में ट्रक की टक्कर के बाद आग का गोला बनी कार, परिवार ने समय रहते बाहर निकलकर बचाई जान

top-news

हथौड़ा बुजुर्ग में तड़के ट्रक ने Hyundai Verna को मारी टक्कर, धू-धू कर जली कार

फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद बुझाई आग, कार सवार परिवार सुरक्षित

अरविंद सक्सेना

रोजा/शाहजहांपुर। थाना रोजा क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव में मंगलवार तड़के ट्रक की टक्कर के बाद एक Hyundai Verna कार में आग लग गई

हादसे के बाद कार में सवार परिवार के लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि परिवार के सदस्यों को चोट नहीं आई।


ट्रक की टक्कर के बाद कार से उठने लगा धुआं

पुलिस के अनुसार, मंगलवार 22 सितंबर 2026 को सुबह करीब 5:45 बजे PRV-8384 के माध्यम से सूचना मिली कि हथौड़ा बुजुर्ग स्थित गंगा देवी नर्सिंग होम के पास एक कार में आग लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

कार स्वामी धीरेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव (35) पुत्र स्वर्गीय रवि प्रकाश, निवासी हथौड़ा, थाना रोजा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी और 13 वर्षीय बेटे उज्जवल श्रीवास्तव के साथ कार में सवार थे। इसी दौरान ट्रक संख्या UP27CT5152 ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के लोगों ने तत्काल कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

फायर ब्रिगेड ने काबू में की आग

कार में आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार काफी हद तक जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

गनीमत रही कि हादसे में धीरेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव और उनके 13 वर्षीय बेटे उज्जवल श्रीवास्तव को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।

समय रहते बाहर निकलने से टला बड़ा हादसा

ट्रक की टक्कर के बाद कार के आग का गोला बन जाने से आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। हालांकि परिवार के समय रहते वाहन से बाहर निकल आने के कारण बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *