आज की ताजा खबर

नहर में बहता मिला अज्ञात युवक का शव, हाथ पर गुदा था ‘अभिषेक’ नाम

top-news

कई दिन पुराना बताया जा रहा शव, कपड़ों और टैटू के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस

रोहित अवस्थी

अछल्दा,औरैया। थाना क्षेत्र में घासरा से छछूंद बंबा के बीच नहर में सोमवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव बहता मिला। शव मिलने की जानकारी पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:15 बजे PRV-5372 के माध्यम से थाना अछल्दा पर सूचना मिली कि घासरा-छछूंद बंबा के बीच नहर में एक शव बह रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अछल्दा सुरेशचंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया।


प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। उसके हाथ पर ‘अभिषेक’ नाम गुदा हुआ मिला है। पुलिस के अनुसार शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। चेहरा स्पष्ट नहीं होने और शरीर के कई हिस्सों की त्वचा निकल जाने के कारण उसकी पहचान करने में परेशानी हो रही है।

मृतक ने सफेद रंग की शर्ट और हल्के खाकी रंग का लोअर पहन रखा था। पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए औरैया भेज दिया। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है।

थानाप्रभारी सुरेशचंद्र सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *