आज की ताजा खबर

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में निर्मित भव्य स्मृति स्तंभ बनकर तैयार, जल्द होगा लोकार्पण

top-news

 विवेकानंद पाण्डेय, अयोध्या

 अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में एक भव्य स्मृति स्तंभ का निर्माण पूर्ण हो चुका है। लाल ग्रेनाइट से निर्मित यह ऐतिहासिक स्तंभ अब लोकार्पण के लिए पूरी तरह तैयार है। निर्माण आंदोलन के पांच सौ वर्षों के लंबे संघर्ष में अपने प्राणों की आहुति देने वाले असंख्य रामभक्तों के त्याग और बलिदान को चिरस्थायी बनाने के लिए मंदिर के विशाल परिसर में यह निर्माण करवाया गया है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा निर्मित यह स्मारक उन सभी हुतात्माओं के प्रति एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि है, जिन्होंने रामकाज के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। यह स्तंभ न केवल भक्तों के बलिदान की गाथा कहेगा, बल्कि मंदिर आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।

स्मृति स्तंभ की कई विशेषताएं हैं। ट्रस्ट के अनुसार इस स्मारक स्तम्भ की कुल ऊंचाई 16 मीटर है। लाल ग्रेनाइट पत्थर से बने इस स्तंभ की गोलाई 4 फीट है, जबकि धरती से जुड़े इसके आधार भाग की गोलाई 4.5 फीट रखी गई है ताकि इसे मज़बूती और भव्यता मिल सके। स्तंभ के सबसे ऊपरी हिस्से पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कांस्य (ब्रांज) से बना भव्य लोगो स्थापित किया गया है। इस लोगो की ऊंचाई 10 फीट 6 इंच और गोलाई 8 फीट 6 इंच है।

रात्रि के समय इस स्मारक की छटा निहारने योग्य होगी। इसे विशेष लाइटिंग से आलोकित करने का उत्तम प्रबंध किया गया है, जिससे यह दूर से ही जगमगाता हुआ दृष्टिगोचर होगा। शीघ्र ही एक भव्य समारोह में इस स्मृति स्तंभ का लोकार्पण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *