आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर में सेवा संकल्प अभियान का आगाज, एक महीने तक होंगे सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम

top-news

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, स्कूलों में प्रतियोगिताओं से लेकर सेवा सेतु शिविर तक होंगे आयोजन

नुक्कड़ नाटकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा जनता तक पहुंचाने की तैयारी

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा महानगर की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने अभियान की जानकारी साझा की। पार्टी के अनुसार, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत सेवा, जनकल्याण, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा की ओर से बताया गया कि अभियान की शुरुआत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान, रक्तदान शिविर, ‘आशीर्वाद का दीया’ और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर जैसे कार्यक्रमों के साथ की गई है।

स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान

अभियान के जिला संयोजक वैभव खन्ना ने बताया कि माहभर चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में ‘विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता कराई जा रही है। माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। पार्टी के अनुसार, बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा ‘आंगन सेवा मिलन उत्सव’ के तहत क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहनों को सम्मानित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में ‘हेल्दी बेबी प्रतियोगिता’ भी आयोजित की जाएगी।

सेवा सेतु शिविर में लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की तैयारी

अभियान के तहत प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर—सरकार आपके द्वार’ आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के मुताबिक, इन शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी और लाभकारी योजनाओं से जुड़े विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही लाभ दिलाने में मदद करना है।