आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, किसानों को 6 लाख तक ऋण की सुविधा

top-news

गांधी भवन में हुआ लखनऊ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों किसानों ने लिया हिस्सा

कृषि से जुड़ी गतिविधियों के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और चुनिंदा गैर-कृषि कार्यों के लिए भी ऋण का प्रावधान

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर, 23 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को लखनऊ से सजीव प्रसारण शाहजहांपुर के गांधी भवन, टाउन हॉल में किया गया। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। शाहजहांपुर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सहकारिता विभाग, बैंक अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।

पांच साल में 5 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य

कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (LDB) के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि और कृषि आधारित गतिविधियों के लिए सुगम तथा कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराना है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है और आगामी पांच वर्षों में 5 लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

योजना के तहत कृषि यंत्रीकरण, मचान विधि से सब्जी उत्पादन, दुग्ध प्रसंस्करण और भूमि सुधार जैसी गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके अलावा ई-रिक्शा और फुटवियर जैसी निर्धारित गैर-कृषि गतिविधियों के लिए भी ऋण की सुविधा दी जाएगी। पशुपालन और मत्स्य पालन समेत आय के अन्य स्रोतों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है।


6 लाख रुपये तक ऋण, ऑनलाइन प्रक्रिया का दावा

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के लिए 6 लाख रुपये तक का ऋण 6 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया गया है।

कार्यक्रम में बताया गया कि पात्र किसानों को योजना के तहत बिना कोलेटरल ऋण, समय से किस्त जमा करने पर ब्याज अनुदान, आसान EMI और ऑनलाइन ऋण प्रक्रिया जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उत्कृष्ट किसानों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान भूमि विकास बैंक के उत्कृष्ट खाताधारक किसानों मीना देवी सतीश, प्रवेश कुमार, लखविंदर सिंह, राम औतार, गुर्जंट मलूक सिंह, रघुनन्दन, रघुनाथ, धर्मेन्द्र सिंह, रामनिवास सिंह और सुरेन्द्र सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने कहा कि पात्र किसानों तक योजना का लाभ सरल प्रक्रिया, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से ऋण प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।


जनप्रतिनिधियों ने किसानों से योजना का लाभ लेने की अपील की

विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता ने योजना को किसानों की आर्थिक उन्नति से जोड़ते हुए सहकारिता आंदोलन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।

ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि योजना के माध्यम से किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध होने से आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने किसानों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले के पात्र किसानों को योजना से जोड़ने के लिए प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता डॉ. गणेश गुप्ता ने कहा कि सहकारिता विभाग किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ऋण प्रकरणों के पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के निर्देशों की जानकारी दी।

भारत टैक्सी का भी कार्यक्रम में शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी का भी शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत टैक्सी सहकारी मॉडल पर आधारित डिजिटल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है, जिसमें ड्राइवरों को सहकारी सदस्य और हिस्सेदार के रूप में जोड़ने की व्यवस्था है। केंद्र सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य ड्राइवर सदस्यों को आर्थिक सशक्तिकरण और स्वामित्व से जोड़ते हुए नागरिकों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन विकल्प उपलब्ध कराना है।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, अल्पसंख्यक आयोग सदस्य अंशुमान सिंह मैसी, जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी, उपाध्यक्ष अजय कुमार प्रजापति, उप कृषि निदेशक पीके मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर, सीओ सिटी देवब्रत बाजपेयी, उप महाप्रबंधक राजेश कुशवाहा, शकील अहमद, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक भूमि विकास बैंक आशुतोष मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्र, हेतराम गंगवार, तरुण दीक्षित, भूपेन्द्र सिंह भन्नू, अनुराग सिंह कठेरिया, रोशनी देवी, पूर्णिमा, सिंपल यादव, अतीक्षा सक्सेना, महिमा चौहान, दिव्यांशी सक्सेना और हिमांशी सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *