आज की ताजा खबर

आग में घर गंवाने के बाद नहर की पटरी पर रहने को मजबूर हरिओम

top-news

दो बच्चों के दिव्यांग होने का दावा, मुआवजा और आवासीय जमीन के लिए जिलाधिकारी से लगाई गुहार

मोहम्मद नईम

 कुशीनगर। खड्डा तहसील क्षेत्र निवासी हरिओम पुत्र रामदेव वर्मा ने जिलाधिकारी कुशीनगर को प्रार्थना पत्र देकर आगजनी में घर जलने के बाद मुआवजा और आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। हरिओम का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ नहर की पटरी पर झोपड़ी डालकर जीवन यापन करने को मजबूर हैं।

हरिओम के अनुसार, 11 अप्रैल 2024 को अज्ञात कारणों से लगी आग में उनकी झोपड़ी और पास का एक अन्य घर जलकर राख हो गया था। आग में घर का पूरा सामान भी जल गया। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक, सांसद और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। उस समय उन्हें बंजर भूमि उपलब्ध कराने तथा जले हुए सामान का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया था।

पीड़ित का आरोप है कि शिव मंदिर के पास उसे जमीन उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में गांव के कुछ लोगों ने वहां मिट्टी डालकर कब्जा कर लिया। वहीं, आगजनी के बाद मिलने वाले मुआवजे की आधी राशि मिलने और शेष राशि अब तक नहीं मिलने की बात भी हरिओम ने कही है।

हरिओम ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बच्चे दिव्यांग हैं। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसका कहना है कि यदि सरकार की ओर से परिवार को घर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करा दी जाए और शेष मुआवजे का भुगतान कर दिया जाए तो परिवार को काफी राहत मिलेगी। पीड़ित ने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी खड्डा से मामले की जांच कराकर शेष मुआवजा दिलाने तथा आवास के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *