आज की ताजा खबर

गाजे-बाजे के साथ धूमधाम से हुआ गणेश प्रतिमा का विसर्जन

top-news

हेमन्त कुमार श्रीवास्तव

श्रावस्ती। थाना भिनगा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्थापित की गई भगवान गणेश की प्रतिमाओं का बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से विसर्जन किया गया। सुबह से ही गणेश भक्तों में उत्साह का माहौल रहा। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा को विसर्जन के लिए विदा किया।

जानकारी के अनुसार ब्यास भवन, पुरानी बाजार, गुड़िया मोहल्ला, होलिका दहन मंदिर तथा बाबा कुट्टी सर्वा माई स्थान सहित विभिन्न स्थानों पर गणेश भगवान की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई थी। गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।


बुधवार सुबह से ही विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। श्रद्धालु गणेश प्रतिमा को वाहन पर सजाकर गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे भी मौजूद रहे। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

विसर्जन यात्रा में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने गणेश भक्तों का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से क्षेत्र में शांति, खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना करते हुए नम आंखों से प्रतिमा को विदाई दी।

गणेश प्रतिमा के विसर्जन को लेकर प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

गणेश महोत्सव के समापन पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से गणपति बप्पा के आगमन की कामना के साथ विसर्जन किया।

 

 पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *