आज की ताजा खबर

नवागत जिलाधिकारी संजय चौहान ने विभागीय अधिकारियों के साथ की बैठक

top-news

 योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

 मोहम्मद नईम

 कुशीनगर। नवागत जिलाधिकारी संजय चौहान ने आज कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त करने के साथ-साथ उनके विभागों में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 बैठक में उप निदेशक कृषि से कृषि विश्वविद्यालय के निर्माण एवं भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए छात्र-छात्राओं के प्रवेश तथा शैक्षणिक संचालन के संबंध में आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तथा जनपद में उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

 जिलाधिकारी ने वेयरहाउसों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार खाद्यान्न एवं अन्य कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए स्टॉक क्षमता को संरक्षित रखने के निर्देश दिए।

 उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय में जलभराव की समस्या नहीं होनी चाहिए। विद्यालयों में निर्माण, मरम्मत अथवा अन्य आवश्यक कार्यों की आवश्यकता होने पर तत्काल प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित किया जाए।

 जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को अद्यतन शासनादेशों के अनुसार विकास एवं पंचायत संबंधी कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गोवंश के संरक्षण, जियो-ट्रैकिंग एवं पंजीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पशुओं की संख्या के अनुसार गौशालाओं की क्षमता बढ़ाई जाए तथा उन्हें चारागाहों से जोड़ा जाए। गौशालाओं की क्षमता वृद्धि के साथ-साथ निराश्रित एवं बेसहारा पशुओं को संरक्षित करने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी को राजस्व वृद्धि के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने तथा बॉर्डर एरिया में परिवर्तन संबंधी कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध एवं कच्ची शराब की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।


 मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जनपद के सभी पीएचसी एवं सीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक मरीजों को जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत बिलों के भुगतान/निस्तारण की कार्रवाई समय से सुनिश्चित करने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए।

 डिप्टी कमिश्नर, जीएसटी को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 जिला पूर्ति अधिकारी को अवशेष अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्मित अन्नपूर्णा भवनों का तत्काल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां बजट की आवश्यकता हो, वहां तत्काल शासन को मांग पत्र प्रेषित किया जाए।

डिप्टी आरएमओ को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद सुनिश्चित करने तथा धान के सुरक्षित भंडारण के लिए वेयरहाउसों को समय से तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि अतिरिक्त वेयरहाउस निर्माण की आवश्यकता हो तो तत्काल शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया जाए।

चकबंदी अधिकारी को धारा 24, 25 एवं कब्जा परिवर्तन से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उप निदेशक मत्स्य को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मत्स्य पालन हेतु पट्टों का आवंटन करने तथा पंजीकृत मत्स्य पालकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर हैंडओवर की कार्रवाई शत-प्रतिशत पूर्ण कराने तथा आईजीआरएस की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिप्टी कमिश्नर, एनआरएलएम को नए स्वयं सहायता समूहों के गठन की कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रेरणा कैंटीनों के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने प्लास्टिक वेस्ट से फर्नीचर एवं अन्य उपयोगी प्लास्टिक उत्पाद तैयार करने की दिशा में कार्य करने को कहा। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों का चयन कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने तथा बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर  को संबंधित विभागों, वेंडरों एवं बैंकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, युवा उद्यमियों एवं नवगठित समूहों को बैंकिंग सुविधाओं एवं ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, पीएडी, खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग, ग्रामोद्योग, भूमि संरक्षण, गन्ना विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से भी परिचय प्राप्त किया तथा उनके विभागों में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना तथा विभागीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *