आज की ताजा खबर

कांग्रेस नेता की कार की चपेट में आया एसपी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी

top-news

 घायल आरक्षी  लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर

अनुराग मिश्रा

सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ले में गुरुवार शाम तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से बाइक सवार पुलिस आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आरक्षी की पहचान 30 वर्षीय सागर मलिक पुत्र उदयवीर के रूप में हुई है। वह पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की सुरक्षा स्क्वाड में तैनात बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कार चालक ने घायल आरक्षी को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम  आरक्षी सागर मलिक अपाचे बाइक से तरणताल की ओर से जीआईसी मार्ग जा रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइन क्षेत्र में सामने से आ रही मर्सिडीज कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आरक्षी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार चालक ने घायल आरक्षी को तत्काल अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, लखनऊ में उनका उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल मर्सिडीज कार कांग्रेस नेत्री शमीना शफीक के पुत्र के नाम से बताई जा रही है। हालांकि, कार की गति और हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *