आज की ताजा खबर

बलरामपुर में बारिश और खराब मौसम को लेकर DM की अपील, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें

top-news

अगले 2-3 दिनों तक बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना; नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह

DM ने कहा- घबराएं नहीं, प्रशासन 24 घंटे निगरानी पर; आपात स्थिति में 1077 और 112 पर करें संपर्क

अविनाश तिवारी

बलरामपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अगले 2-3 दिनों के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी ने आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, संभावित जलभराव और बारिश के दौरान जनहानि व संपत्ति के नुकसान से बचने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों एवं एडवाइजरी का पालन करें। तेज बारिश के दौरान नदी, नाले, तालाब और जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से बचें।

खराब मौसम में ये सावधानियां बरतें

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पक्के मकान के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें। बिजली के उपकरणों को बंद रखने के साथ टीवी, फ्रिज और कंप्यूटर आदि के प्लग निकाल देने की सलाह दी गई है। बिजली जाने की स्थिति में मेन स्विच बंद कर दें।

आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए घर में टॉर्च, मोबाइल, पावर बैंक, जरूरी दवाएं, पीने का पानी और सूखा राशन तैयार रखने को कहा गया है। मौसम की ताजा जानकारी के लिए रेडियो, टीवी और जिला प्रशासन के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर नजर रखें।

पशुओं को खुले में न छोड़ने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की भी अपील की गई है।

पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग के नीचे खड़े न हों

जिला प्रशासन ने खराब मौसम में पेड़, बिजली के खंभों और विज्ञापन होर्डिंग के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। तेज हवा में इनके गिरने का खतरा हो सकता है।

आकाशीय बिजली की आशंका के चलते खुले स्थानों पर जाने और बारिश के दौरान खेतों में काम करने से बचने को कहा गया है। जलभराव वाले स्थानों, नदी-नालों और पुलों से भी दूरी बनाए रखने की अपील की गई है, क्योंकि तेज बहाव में दुर्घटना का खतरा हो सकता है।

गीले हाथों से बिजली के स्विच न छूने और बारिश के दौरान छत पर कपड़े सुखाने के लिए न जाने की भी सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

वाहन चालक धीमी गति से चलें, अनावश्यक यात्रा से बचें

खराब मौसम में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वाहन की गति धीमी रखने और हेडलाइट जलाकर चलने की सलाह दी गई है। साथ ही खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।

सड़क पर पेड़ या बिजली के तार गिरे दिखाई देने पर तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला प्रशासन ने आपदा की स्थिति में लोगों से तत्काल सहायता लेने की अपील की है।

जिला आपदा कंट्रोल रूम: 05263-1077 / 9170277336

एम्बुलेंस: 108

पुलिस: 112

जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं, प्रशासन 24 घंटे निगरानी पर

जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों तक जिले में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जनपद में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।

जिला प्रशासन स्थिति पर 24x7 नजर रखे हुए है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। किसी भी आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन से सहायता लेने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

सटीक जानकारी, सुरक्षित भविष्य।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *