आज की ताजा खबर

मिलेट्स मेला एवं फसल अवशेष प्रबंधन कार्यक्रम में किसानों को दी गई उपयोगी जानकारी

top-news

मोटा अनाज सेहत का खजाना, किसान श्री अन्न की खेती को दें बढ़ावा : राजेश्वर सिंह

मोहम्मद नईम

पडरौना, कुशीनगर। कृषि विभाग की ओर से गुरुवार को विकासखंड पडरौना सभागार में एक दिवसीय जनपद स्तरीय मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी एवं फसल अवशेष प्रबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त राजेश्वर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न विभागों, एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य संस्थानों की ओर से लगाए गए स्टालों का मुख्य अतिथि ने अवलोकन किया।

कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में विषय वस्तु विशेषज्ञ रिद्धी वर्मा ने मिलेट्स यानी श्री अन्न के उत्पादन, उपयोगिता, पोषक तत्वों और प्रसंस्करण की विस्तार से जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के हेड वैज्ञानिक डा. नवीन कुमार सिंह ने किसानों को फसल अवशेष एवं पराली प्रबंधन के विभिन्न उपाय बताए। कृषि वैज्ञानिक डा. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने सब्जियों के उत्पादन की नवीन तकनीकों की जानकारी देने के साथ श्री अन्न की खेती और पराली प्रबंधन को लेकर उपयोगी सुझाव दिए।


उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि श्री अन्न सदियों से भारतीय आहार का अभिन्न हिस्सा रहा है। पौष्टिकता से भरपूर होने के साथ इसकी खेती में अपेक्षाकृत कम पानी और संसाधनों की आवश्यकता होती है। उन्होंने किसानों को श्री अन्न के उत्पादन पर मिलने वाली सुविधाओं के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, फार्मर रजिस्ट्री एवं फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि राजेश्वर सिंह ने श्री अन्न की उपयोगिता और स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए किसानों से इसकी खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्री अन्न की खेती किसानों के लिए अतिरिक्त आय का अवसर उपलब्ध करा सकती है। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने तथा फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की भी अपील की।

कार्यक्रम में भूमि संरक्षण अधिकारी सुदीप वर्मा, लेखाकार पंकज जायसवाल, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए राजीव वर्मा, विषय वस्तु विशेषज्ञ जमालुद्दीन अंसारी, एनएफएसएम सलाहकार राकेश कुमार सिंह, डा. वेंकट रमण पांडेय, बाकेलाल भूषण, मदन गोपाल गौतम, विवेक चौधरी, राज सिंह सेंगर सहित कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *