आज की ताजा खबर

बिना लाइसेंस चल रहा था मेडिकल स्टोर, 80 हजार की दवाएं सील

top-news

पटहेरवा चौराहे के पास औषधि विभाग की कार्रवाई, जीवनरक्षक एलोपैथिक दवाओं का अवैध भंडारण मिलने पर दो नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

मोहम्मद नईम

तमकुहीराज, कुशीनगर। औषधियों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए औषधि विभाग की टीम ने शुक्रवार को पटहेरवा चौराहे के पास संचालित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। नवजीवन इंटर कॉलेज रोड पर बिना साइन बोर्ड के चल रही दुकान में जीवनरक्षक एलोपैथिक दवाओं का भारी मात्रा में भंडारण पाया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मौके पर मौजूद व्यक्ति दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख और औषधि विक्रय लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने करीब 80 हजार रुपये मूल्य की औषधियों को सील कर दिया।

औषधि निरीक्षक नवीन कुमार के अनुसार, मुखबिर से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर 23 अक्टूबर शुक्रवार को उपजिलाधिकारी तमकुहीराज से संपर्क स्थापित किया गया। उनके निर्देश पर पुलिस बल के साथ टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। जांच के दौरान दुकान के भीतर बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं रखी मिलीं। दुकान में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम नियाज बारिश, पुत्र स्वर्गीय शब्बीर अहमद वारसी, निवासी पटहेरवा, तहसील एवं ब्लॉक तमकुहीराज, जनपद कुशीनगर बताया।


जांच के लिए लिए गए दवाओं के नमूने

कार्रवाई के दौरान संदिग्ध औषधियों में से दो नमूने जांच एवं परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए। इन्हें राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला, अलीगंज, लखनऊ भेजा जाएगा। नमूनों का विवरण संबंधित प्रपत्रों में दर्ज किया गया, जबकि शेष औषधियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-16 पर दर्ज कर सील कर दिया गया।

ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

औषधि निरीक्षक के मुताबिक, बिना वैध लाइसेंस एलोपैथिक दवाओं का भंडारण और बिक्री किया जाना ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट का उल्लंघन है। मामले की विवेचना पूरी होने के बाद सक्षम न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा। औषधि विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना लाइसेंस दवाओं का कारोबार करने वालों में हलचल मची है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *