आज की ताजा खबर

डेढ़ साल से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा रतन, इलाज के अभाव में परिवार बेहाल

top-news

तीन बेटियों, एक बेटे, पत्नी और बुजुर्ग मां की जिम्मेदारी उठाने वाला परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य आज खुद मदद का मोहताज

मोहम्मद नईम

खड्डा, कुशीनगर। गरीबी और गंभीर बीमारी ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। विकासखंड खड्डा के ग्राम सभा चमरडीहा निवासी रतन पुत्र फेकू पिछले डेढ़ साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। आर्थिक तंगी के चलते उनका समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी के साथ रतन के इलाज का संकट भी खड़ा हो गया है।

बताया जाता है कि रतन परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में तीन बेटियां, एक बेटा, पत्नी और बुजुर्ग मां हैं। परिवार का भरण-पोषण करने वाले रतन बीमारी के कारण पिछले डेढ़ साल से बिस्तर पर पड़े हैं। आमदनी का कोई ठोस साधन नहीं होने से परिवार के लिए दवाइयों और इलाज का खर्च जुटाना मुश्किल हो गया है।


एक तरफ बीमारी से संघर्ष, दूसरी तरफ परिवार की चिंता

रतन की बीमारी ने पूरे परिवार को बेबस कर दिया है। एक तरफ वह जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ पत्नी और बुजुर्ग मां के सामने बच्चों के पालन-पोषण तथा उनके भविष्य की चिंता बनी हुई है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार इस मुश्किल दौर से निकलने का रास्ता नहीं तलाश पा रहा है।स्थानीय स्तर पर इस जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए लोगों से आगे आने की अपील की जा रही है। रतन को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और सक्षम लोगों के सहयोग की जरूरत है, ताकि परिवार को इस संकट से उबरने में सहारा मिल सके।

मदद की दरकार, जाग सकती है उम्मीद की नई किरण

रतन के परिवार की अपील है कि मानवीय संवेदना के आधार पर लोग मदद के लिए आगे आएं। आर्थिक सहयोग मिलने से उनके इलाज की राह आसान हो सकती है और परिवार को जीवन की कठिन परिस्थितियों से लड़ने का हौसला मिल सकता है। जरूरत है कि इस परिवार की पीड़ा को समझते हुए सक्षम लोग यथासंभव सहयोग करें, ताकि रतन को बेहतर उपचार मिल सके और उनके बच्चों के भविष्य को संवारने की उम्मीद बनी रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *