आज की ताजा खबर

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 के परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

top-news

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दिए निर्देश

रोहित अवस्थी 

औरैया । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को जनपद में निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा परीक्षा की सुचारु संचालन व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही परीक्षा के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका इंटर कॉलेज, तिलक महाविद्यालय, तिलक इंटर कॉलेज तथा चौधरी बिशंभर सिंह भारतीय विद्यालय (इंटर कॉलेज) सहित निर्धारित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने के साथ-साथ परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अनुचित गतिविधि अथवा नकल की संभावना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए। साथ ही परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए गए।


इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पीईटी परीक्षा से संबंधित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां से की जा रही निगरानी एवं समन्वय व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों से निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परीक्षा से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान करते हुए सभी व्यवस्थाओं पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध प्रभावी रूप से लागू रखे जाएं।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद सहित परीक्षा केंद्र संचालक आदि उपस्थित रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *