आज की ताजा खबर

लखनऊ में चबूतरा बनाने के विवाद में खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या

top-news

सआदतगंज के नौबस्ता इलाके में बरगद के पेड़ के नीचे निर्माण को लेकर हुआ विवाद

रिटायर्ड सचिवालय कर्मचारी, उनके बेटे और भाई की मौत; पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की

रजत सिन्हा 

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पुराने इलाके में सोमवार सुबह चबूतरा बनवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी, उनके भाई शंभू तिवारी और बेटे सुयश तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शिवाजी तिवारी सचिवालय से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जबकि उनके बेटे सुयश इलेक्ट्रिक सामान का कारोबार करते थे। बताया गया है कि शिवाजी तिवारी और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल शंभू तिवारी ने ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाने को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिवाजी तिवारी अपने घर के पास बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाना चाहते थे। पड़ोस में रहने वाला परिवार इसका विरोध कर रहा था। सोमवार सुबह निर्माण कराने की कोशिश के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

बताया गया कि पहले दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हुई। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से गोलीबारी किए जाने का आरोप है। फायरिंग में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता और बेटे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शंभू तिवारी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी,आरोपियों की तलाश शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल, विवाद के क्रम और गोलीबारी से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *