आज की ताजा खबर

संकिसा बौद्ध महोत्सव पर प्रशासन का पहरा, रात 11 बजे डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

top-news

86वें बौद्ध मेले को लेकर अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा से लेकर भीड़ प्रबंधन और यातायात तक पर दिए जरूरी निर्देश,

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l 86वें बौद्ध महोत्सव संकिसा के आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासनिक गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने रविवार रात 11 बजे धम्मालोको बौद्ध विहार प्रांगण पहुंचकर व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर तैयारियों को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि महोत्सव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। 

निरीक्षण के दौरान मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा प्रबंध, आवागमन, भीड़ नियंत्रण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रहें और मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


जनसुविधाओं में लापरवाही न हो, डीएम ने दिए निर्देश

 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और आवागमन के मार्गों को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित भीड़ के अनुरूप व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। आयोजन स्थल पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा किसी भी समस्या की जानकारी मिलते ही उसका त्वरित समाधान कराएं।

सुरक्षा, पार्किंग और यातायात पर एसपी का जोर

 पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों की निगरानी तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता से ड्यूटी करने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम और एसपी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने तथा महोत्सव की व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *