आज की ताजा खबर

सुल्तानपुर में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती, मंदिरों में रामायण पाठ और भजन-गायन

top-news

एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ

रामपथ गमन मार्ग के प्रमुख मंदिरों में कलाकारों ने किया रामायण पाठ, महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को किया याद

सुशील मिश्रा

सुल्तानपुर। आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती सोमवार, 26 अक्टूबर को जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। शासन के निर्देश और जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला मुख्यालय सहित रामपथ गमन मार्ग पर स्थित प्रमुख मंदिरों में रामायण पाठ और भजन-गायन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि के जीवन, कृतित्व और उनके बताए नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया।

जिला मुख्यालय पर वाल्मीकि समाज से संबंधित मंदिर सुपत सुदर्शन, सुदर्शन पार्क के निकट रामकली इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने जिला विकास अधिकारी गजेंद्र तिवारी और जिला पर्यटन एवं सूचना अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार के साथ महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किए। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी गजेंद्र तिवारी ने एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं, जिला पर्यटन एवं सूचना अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार ने जिला विकास अधिकारी का स्वागत किया।


कलाकारों ने रामायण पाठ और भजन-गायन से बांधा समां

संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकार राहुल पांडेय और उनकी टीम ने वाल्मीकि रामायण का पाठ प्रस्तुत किया। कलाकारों ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और कृतित्व पर आधारित रामायण का गायन किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और नैतिक मूल्यों को याद करते हुए वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर जोर दिया।

शासन के निर्देश पर रामपथ गमन मार्ग के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी विशेष आयोजन किए गए। बिजेथुआ महावीरन धाम स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर, धोपाप धाम स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर, बल्दीराय बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर और जयसिंहपुर क्षेत्र के बैरा जगदीशपुर स्थित श्रीहनुमान मंदिर में रामायण पाठ एवं गायन के कार्यक्रम हुए।

इन आयोजनों में संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकार शिवप्रसाद, बृजेश पांडेय, अंकित मिश्रा, सौरभ और उनकी टीम ने प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से मर्यादा, सदाचार और नैतिक जीवन के संदेश को प्रस्तुत किया।


सभी विकासखंडों में भी हुए आयोजन

जिले के सभी विकासखंडों में भी आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। विभिन्न कार्यक्रमों में महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित संस्कृत रामायण के नैतिक मूल्यों और आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। आयोजनों में वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रमों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के विचारों, रामायण की शिक्षाओं और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *